न्यूज डेस्क। कांग्रेस के सबसे बड़े परिवार ने देश की शान INS विराट को अपनी पर्सनल टैक्सी की तरह इस्तेमाल किया था. ये सेना के अपमान की बात थी
‘क्या आपने कभी सुना है कि कोई अपने परिवार के साथ युद्धपोत से छुट्टियां मनाने जाए? आप भले ही इस सवाल पर परेशान हों, लेकिन यहां हैरान होने की कोई बात नहीं है. ये हुआ है और हमारे देश में हुआ है. कांग्रेस के सबसे बड़े परिवार ने देश की शान में INS विराट को अपनी पर्सनल टैक्सी की तरह इस्तेमाल किया था. ये सेना के अपमान की बात थी.’ यह बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित रामलीला मैदान की रैली में कही.
प्रधानमंत्री मोदी रैली के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि ‘देश की रक्षा करने वालों को अपनी जागीर कौन समझता रहा है. मैं आज दिल्ली की धरती से उन लोगों की आंख में आंख मिलाकर देश और दिल्ली की जनता को एक राजवंश के बारे में बताना चाहता हूं.’
पीएम मोदी ने कहा कि – ‘ये बात तब की है जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे और दस दिन की छुट्टियां मनाने निकले थे. INS विराट उस समय समुद्री सीमाओं की रखवाली के लिए तैनात था. लेकिन उसे छुट्टियां मनाने जा रहे गांधी परिवार को लेने के लिए भेज दिया गया. उनके पूरे कुनबे को लेकर INS विराट एक खास द्वीप पर रुका रहा. राजीव गांधी के साथ छुट्टी मनाने वालों में उनके ससुराल वाले भी शामिल थे.’
पीएम ने कहा कि – ‘सवाल ये है कि क्या विदेशियों को भारत के वॉरशिप पर ले जाकर देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ नहीं किया गया था? या सिर्फ इसलिए क्योंकि वो राजीव गांधी की ससुराल के लोग थे, इटली से आए थे. इसलिए उन्हें इस तरह की छूट मिल गई थी. गांधी परिवार, जिस द्वीप पर गया था, वहां उनके आवभगत के लिए कोई मौजूद नहीं था, इसलिए सारी सुविधाएं जुटाने का काम भी सरकार और नौसेना के जवानों ने ही किया था.’
पीएम ने दावा किया कि ‘एक विशेष हेलीकॉप्टर दिन-रात उनकी सेवा में लगा रहा. पूरा प्रशासन इन लोगों के मनोरंजन का इंतजाम देखता रहा. जब एक परिवार ही सर्वोच्च हो जाता है, तब देश की सुरक्षा दांव पर लग ही जाती है. जब एक परिवार ही सर्वोच्च हो जाता है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा की चिंता भी नहीं रह जाती.’





















Leave a Reply