#Indian Army : भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई, POK में लांचिंग पैड तबाह, दस आतंकी ढेर

Indian Army : राजौरी। नौशहरा के लाम सेक्टर में भारतीय जवानों ने नियंत्रण रेखा (एलओसी) से घुसपैठ की बड़ी साजिश को विफल बनाते हुए पाकिस्तानी सेना द्वारा बनाए आतंकियों लांचिंग पैड को ध्वस्त कर दिया। सेना की इस कार्रवाई में दस से अधिक आतंकी मारे गए जबकि कुछ आतंकी घायल भी हुए हैं। पाकिस्तान सेना ने गोलीबारी और नियंत्रण रेखा पर आग लगाकर आतंकियों की घुसपैठ की साजिश रच रही थी लेकिन चौकस जवानों ने इसे विफल बना दिया। रविवार देर शाम से ही पाकिस्तान सेना ने लाम सेक्टर में भारी गोलाबारी शुरू कर दी थी। इतना ही नहीं उसने आतंकवादियों की घुसपैठ करवाने के लिए एलओसी पर 200 मीटर के दायरे में भीषण आग लगा दी। लक्ष्य था कि आग बुझाने में भारतीय सेना उलझ जाए और आतंकी घुसपैठ में सफल हो जाएं।
इस दौरान भारतीय जवानों ने एलओसी पर लगाए उपकरणों की मदद से देखा कि गुलाम कश्मीर के चतार क्षेत्र में आग के पास ही नया लांचिग पैड बना दिया गया है और वहां करीब 20 आतंकी मौजूद हैं। यह आतंकी घुसपैठ की फिराक में थे। उसी समय सेना के जवानों ने लांचिंग पैड को निशाने पर लेते हुए जवाबी कार्रवाई आरंभ कर दी। इस कार्रवाई में लांचिग पैड को पूरी तरह से तबाह कर दिया गया है। सूत्रों का कहना है कि भारतीय सेना की इस कार्रवाई में दस से अधिक आतंकी मारे गए हैं और कई आतंकी घायल हुए हैं। सूत्रों का कहना है कि इसके अलावा अन्य सेक्टरों में भी नए लांचिग पैड बने हैं और वहां भी काफी संख्या में आतंकी मौजूद है। सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में पाकिस्तानी सेना संघर्ष विराम के उल्लंघन में बढ़ोतरी कर सकती है और घुसपैठ के प्रयास भी बढ़ सकते हैं। इसे देखते हुए नियंत्रण रेखा पर चौकसी को पहले से अधिक कड़ा कर दिया गया है।
घुसपैठ की फिराक में 300 आतंकी
सैन्य अधिकारियों के अनुसार सर्दी शुरू होने से पहले पाकिस्तान अधिक से अधिक आतंकियों का भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कराना चाहता है। POK में 250 से 300 आतंकी कई लांचिंग पैड पर घुसपैठ की फिराक में बैठे हैं। उत्तरी कश्मीर के नौगाम में 11 जुलाई को दो पाकिस्तानी घुसपैठिये मारे गए थे। इससे पूर्व राजौरी में घुसपैठ की साजिशों को नाकाम कर दिया गया था और नियंत्रण रेखा पर तीन घुसपैठिए मारे गए थे। नौगाम में ही जून के अंत में घुसपैठ की साजिश हुई थी, जिसे सुरक्षा बलों ने विफल बना दिया था।







