कटनी स्टेशन के आऊटर में नहीं थम रहीं यात्रियों के साथ लूटपाट की घटनाएं, महानगरी एक्सप्रेस का यात्री फिर हुआ वारदात का शिकार
कटनी स्टेशन के आऊटर में नहीं थम रहीं यात्रियों के साथ लूटपाट की घटनाएं, महानगरी एक्सप्रेस का यात्री फिर हुआ वारदात का शिकार

कटनी। जीआरपी व आरपीएफ के लाख प्यासों के बावजूद कटनी स्टेशन के आऊटर में धीमी गति से चलने व यहां रूकने वाली ट्रेनों में यात्रियों के साथ लूटपाट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। खासकर कटनी स्टेशन के आधारकाप व झर्रा टिकुरिया क्षेत्र स्थित आऊटर में गेट में खड़े यात्रियों के हाथ में डंडा या कुछ भी सामान मारकर मोबाइल लूटने वाला गिरोह जीआरपी व आरपीएफ की सख्ती के बावजूद सक्रिय है। आज भी एक घटना मुंबई से कटनी होते हुए बनारस जा रही महानगरी एक्सप्रेस में नरसिंहपुर से कटनी की यात्रा कर रहे एक यात्री के साथ घटित हुई। बताया जाता है कि कटनी स्टेशन व कटनी साउथ स्टेशन के बीच रेलवे ब्रिज के समीप ट्रेन की गेट के पास खड़े रेल यात्री को हाथ मार कर अज्ञात लुटेरे 45 हजार रुपए कीमती मोबाइल लेकर चंपत हो गए। घटना के संबंध में पीडि़त यात्री नरसिंहपुर निवासी हेमंत पिता मोहनलाल प्रजापति ने बताया कि उनकी पत्नी कटनी में रह कर जॉब करती हैं। आज वो महानगरी एक्सप्रेस के जनरल कोच में नरसिंहपुर से कटनी की यात्रा कर रहे थे। कटनी स्टेशन व कटनी साउथ स्टेशन के बीच पडऩे वाले रेलवे ब्रिज के पास जैसे ही गाड़ी पहुंची तो वो गेट के पास आ गए। इसी दौरान वहां खड़े एक लंबे युवक ने झपट्टा मारकर मोबाइल नीचे गिरा दिया।
हेमंत का कहना है कि जिस समय घटना हुई उस समय वहां पर दो लडक़े मौजूद थे। एक कद काठी में लंबा था तो दूसरा छोटा था। हेमंत ने बताया कि लूटा गया मोबाइल उसने कुछ दिन पहले ही पत्नी सपना प्रजापति के नाम पर फाइनेंस करवाया था, जिसकी कीमत 45 हजार रुपए थी।
पीडि़त यात्री हेमंत के द्वारा कटनी रेलवे स्टेशन में उतरने के बाद ब्रिज के पास जाकर युवकों को ढूंढने का प्रयास किया गया लेकिन युवक नौ दो ग्यारह हो चुके थे। हेमंत के द्धारा घटना की शिकायत जीआरपी से की गई। जीआरपी मामले की जांच व अज्ञात बदमाशों की तलाश कर रही है।








