
कटनी, (विवेक शुक्ला) 22 जनवरी को अयोध्या में श्री राम मंदिर में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर जिले में भी तैयारी शुरू हो गई हैं। लोग इसे ऐतिहासिक बनाने में जुटे हैं। विभिन्न संगठन इसे यादगार बनाना चाहते हैं। इसके साथ ही जिले स्थित मंदिरों में पूजा-पाठ के साथ ही भजन-कीर्तन शुरू हो गया है। शहर में शीत लहर चल रही है लेकिन रामलहर के आगे वह भी परास्त दिख रही।

अयोध्या में भगवान राम के मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम तय है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत देश-विदेश से भी लोग आ रहे हैं। इसको लेकर जिले भर में अलग-अलग तैयारियां चल रही हैं। शहर की प्रसिद्ध जालपा मढिय़ा, दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर समेत अन्य मंदिरों में तैयारियां तेज हो गई हैं।
इसके साथ ही शहर में जगह-जगह भगवा झंडे की दुकानें लग गई हैं। जहां पर लोग इसकी खरीदारी कर रहे हैं। इसके साथ ही कई मंदिरों के बाहर भगवा रंग की सजावट की गई है। इसके साथ ही लोग घरों की भी भगवा झंडे से सजावट कर रहे हैं।

जगह-जगह निकाली जा रही श्रीराम शोभायात्रा
भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा के पूर्व शहर, उपनगरीय क्षेत्रों सहित ग्रामीण अंचलों में श्रीराम शोभायात्रा निकाली जा रही है। आज जिला मुख्यालय से लगे ग्राम इमलिया में भी भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का आयोजन राकेश गर्ग, धमेन्द्र गर्ग व विनयकांत गर्ग के द्धारा किया गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।








