Latest

चोरी की चार वारदातों में राशन दुकान से अनाज सहित लाखों का सामान ले गए चोर, बरही, बड़वारा और रीठी थाना क्षेत्रों में चोरों ने की गश्त

कटनी(YASH BHARAT.COM)। जिले के बरही, बड़वारा और रीठी थाना क्षेत्रों में चोरी की बड़ी घटनाएं प्रकाश में आई हैं। चोरों ने कहीं शासकीय राशन दुकान को निशाना बनाया है तो कहीं घरों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों पर हाथ साफ कर दिया है। पुलिस ने सभी मामलों में बीएनएस (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राशन दुकान से 3 लाख का अनाज चोरी 

इस संबंध में पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बरही थाना अंतर्गत ग्राम लुरमी में चोरों ने शासकीय उचित मूल्य की दुकान का ताला तोड़कर भारी मात्रा में अनाज पार कर दिया। बताया जाता है कि 89 क्विंटल गेहूं और 28 क्विंटल चावल की चोरी राशन दुकान से हुई है। चोरी गए खाद्यान्न की कीमत 3,06,500 रुपए बताई जा रही है। चोरी की यह वारदात 26 और 27 जनवरी की दरमियानी रात घटित हुई है। पुलिस ने राशन दुकान संचालक राकेश्वरी राय की शिकायत पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज किया है।

ऑटो पार्ट्स दुकान में सेंधमारी

चोरी की दूसरी वारदात भी बरही थाना क्षेत्र में ही घटित हुई है। जिसमें बरही के खितौली रोड स्थित एक ऑटो पार्ट्स की दुकान से अज्ञात चोरों ने सामान और कीमती ऑयल चोरी कर लिया। चोरी गए सामान की कीमत 25 हजार रूपए बताई जा रही है। पुलिस ने रजनीश कुमार सोनी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।

नदी किनारे से बाइक चोरी

चोरी की तीसरी वारदात में बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम सुड्डी में महानदी के किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल चोरी हो गई। चोरी गई स्पेलंडर प्लस मोटर सायकल क्रमांक MP 21 MS 2325) है। जिसकी कीमत 30 हजार रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने राजेश निषाद, निवासी एन.के.जे. कटनी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।

घर के सामने खड़ी बाइक पार

चोरी की चौथी वारदात में रीठी थाना के ग्राम तिलगवां में चोरों ने घर के बाहर खड़ी 40 हजार रूपए कीमती बाइक होंडा शाइन क्रमांक MP 21 MJ 5364 को लेकर चंपत हो गए। पुलिस ने रामजस तिवारी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है।

Back to top button