Latest

IED Found in Manjakote: आतंकियों की एक ओर साजिश नाकाम, जम्मू-पुंछ हाईवे पर मिली आइईडी को सेना ने नष्ट किया

जम्मू। जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमलों की साजिशें तेज कर दी गई हैं। बार-बार सतर्क सुरक्षाबलों के समक्ष असफल साबित हो रहे आतंकी संगठनों अब इसी फिराक में नजर आ रहे हैं कि वे कोई वारदात को अंजाम दें। वहीं सुरक्षाकर्मी हरेक आतंकी मंसूबे को नाकाम बनाने के लिए सतर्कता बरते हुए हैं। इसी अभियान को जारी रखते हुए सुरक्षाबलों ने आज समय रहते एक बार फिर आतंकी साजिश पर पानी फेर बहुत बड़ी त्रासदी को रोक दिया।

जिला राजौरी की मंजाकोट तहसील में जम्मू-पुंछ हाईवे पर पड़ने वाले मिर्जा मोड़ पर सेना के एक गश्ती दल ने एक संदिग्ध वस्तु को देखा। फल की पेटी में एक आइईडी को छिपाकर रखा गया था।

इस हाईवे पर सुबह आम लोगों के साथ-साथ सेना की भी गश्त होती है। ऐसे में आतंकियों ने यह साजिश रच रखी थी कि आइईडी की मदद से सेना या फिर आम लोगों को निशाना बनाया जा सके। आइईडी को देखते ही सेना के जवानों ने हाईवे पर वाहनों की आवाजाही को रोक दिया और तुरंत बम निरोधक दस्ते को सूचित किया।

इस बीच स्थानीय पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। बम निष्क्रिय दस्ते ने मौके पर पहुंच बड़े ही सुरक्षित ढंग से आइईडी को सड़क किनारे से हटाया और दूर ले जाकर उसे सुरक्षित ढंग से निष्क्रिय किया। इस बीच सेना, एसओजी की संयुक्त टीम ने मिर्जा मोड़ के आसपास के इलाकों में घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि हाईवे पर आइईडी रखने वाले आतंकी आसपास के इलाके में मौजूद हो सकते हैं।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम