Latest

Gujarat: अमूल में कांग्रेस का दबदबा, जानें-किसकी हुई जीत

अहमदाबाद Amul: देश-विदेश में प्रसिद्ध अमूल के निदेशक मंडल में कांग्रेस के दो विधायक सहित उसके समर्थित निदेशकों का दबदबा बढ़ गया है। सोमवार को खेडा जिला दुग्‍ध संघ सहित निदेशकों के चुनाव में कांग्रेस समर्थक सहकारी नेताओं ने बाजी मार ली।

खेडा जिला सहकारी दूध उत्‍पादन संघ का सोमवार को चुनाव हुआ, जिसमें कांग्रेस विधायक कांतिभाई परमार विजयी हुए। उधर, गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन के 11 निदेशकों के चुनाव हुए, जिसमें से आठ कांग्रेस समर्थित सहकारी नेता चुनाव जीत गए।

जीसीएमएमएफ के वर्तमान चेयरमैन व भाजपा नेता राम सिंह परमार जहां निर्विरोध चुन लिए गए, जबकि भाजपा समर्थित तीन नेता निदेशक के लिए चुने गए।

विधायक कांति परमार ने बताया कि निदेशक मंडल में से ही अमूल के चेयरमैन का चुनाव होगा। उपजिलाधीश अगले माह कभी भी चुनाव की तिथि घोषित करेंगे, जिसके बाद यह चुनाव होगा।

वर्तमान अध्‍यक्ष पूर्व विधायक राम सिंह परमार व उपाध्‍यक्ष विधायक जेठा भरवाड दोनों जनवरी, 2018 को चुने गए थे। राम सिंह दूसरी बार अमूल के चेयरमैन बने थे। राम सिंह पहले कांग्रेस से विधायक चुने गए थे, लेकिन 2017 से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे।

गुजरात की राजनीति में खास दखल रखने वाली सहकारी मंडलियों में अमूल को संचालित करने वाली गुजरात कॉऑपरेटिव मिल्‍क मार्केटिंग फेडरेशन जीसीएमएमएफ का हमेशा से वर्चस्‍व रहा है। प्रदेश की डेढ़ दर्जन नामी दूध डेयरियां इससे संलग्‍न हैं, जिनसे हजारों सामाजिक नेता, लाखों दूध वितरक व करोड़ों दुग्‍ध उत्‍पादक, पशुपालक व किसान सीधे तौर पर जुड़े हैं।

गुजरात सहकारी दुग्‍ध विपणन महासंघ जीसीएमएमएफ से प्रदेश के 18 दूध संघ जुड़े हुए हैं। आणंद की अमूल डेयरी, सूरत की सुमूल डेयरी, वलसाड की वसुधारा तथा भरुच की दूधधारा डेयरी के निदेशक मंडलों का चुनाव आगामी अगस्‍त माह में पूरा हुआ, जबकि बनासकांठा की बनास डेयरी, साबर कांठा की साबर डेयरीए मेहसाणा की दूध सागर, वडोदरा की सुगम डेयरी, पंचमहाल की पंचामृत डेयरी के निदेशक मंडलों का चुनाव नवंबर-दिसंबर में पूर्ण होगा।

38 हजार 550 करोड़ के टर्न ओवर वाले इस सहकारी महासंघ पर वर्चस्‍व के लिए गुजरात में हमेशा संघर्ष चलता रहा है। भारत में श्‍वेत क्रांति के जनक डॉ वर्गीस कूरियन के 2006 में जीसीएमएमएफ से हटने के बाद बनास डेयरी के अध्‍यक्ष परथीभाई भटोल, दूध सागर डेयरी के प्रमुख विपुल चौधरी, साबर डेयरी के प्रमुख जेठाभाई पटेल को संयुक्‍त रूप से गुजरात सहकारी दुग्‍ध विपणन महासंघ की जिम्‍मेदारी सौंपी गई तथा प्रबंधन के लिए विशेषज्ञों का एक पैनल बनाया गया था।

वर्ष 2018 में जब इसके चुनाव हुए तो विधायक राम सिंह परमार इसके चेयरमैन चुने गए। परमार पहले कांग्रेस विधायक रहे बाद में इस्‍तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए थे। रामसिंह परमार के मुताबिक, गुजरात के 12 ब्‍लॉक के डेयरी निदेशक तथा 1200 मंडलियों के प्रमुख महासंघ के अध्‍यक्ष को चुनते है।

Back to top button