Green Corridor For Life Saving In jabalpur: बुजुर्ग का जीवन बचाने बनाया 300 किमी लंबा ग्रीन कारिडोर, जबलपुर से भोपाल भेजा लिवर

Green Corridor For Life Saving In jabalpur: बुजुर्ग का जीवन बचाने बनाया 300 किमी लंबा ग्रीन कारिडोर, जबलपुर से भोपाल भेजा लिवर । जबलपुर निवासी व्यापारी 64 वर्षीय राजीव सराफ का ब्रेन डेड होने के बाद उनके स्वजन ने उनका लिवर दान किया है।
यह भोपाल के बंसल अस्पताल में भर्ती वृद्ध मरीज को लगाया जाएगा। आपरेशन शुक्रवार सुबह 11 बजे के पहले पूरा होना है। इसकी प्रक्रिया गुरुवार शाम से ही शुरू कर दी गई थी। इस ट्रांसप्लांट के लिए पहली बार प्रदेश में जबलपुर से भोपाल तक (लगभग 300 किलोमीटर) सबसे लंबा ग्रीन कारिडोर बनाना पड़ा।
हालांकि उक्त आर्गन ट्रांसप्लांट के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चिकित्सकों की टीम को उनका हेलिकाप्टर उपलब्ध कराया था, लेकिन तकनीकी खराबी के कारण चिकित्सक दल को सड़क मार्ग से लिवर लेकर भोपाल रवाना होना पड़ा। इस पूरे आपरेशन को डा. गुरुसागर सिंह सहोटा लीड कर रहे हैं।
ब्रेन डेड घोषित किए जाने के बाद स्वजन ने जताई थी अंगदान की इच्छा
बंसल अस्पताल के मैनेजर लोकेश झा ने बताया कि ब्रेन डेड घोषित किए गए राजीव सराफ जबलपुर के मेट्रो अस्पताल में 19 सितंबर को भर्ती हुए थे। उन्हें ब्रेन ट्यूमर था।
उन्हें 20 सितंबर की सुबह ब्रेन डेड घोषित किया गया था। स्वजन ने अंगदान करने की इच्छा जताई थी। राजीव मूल रूप से बैतूल के रहने वाले थे।








