G20 Summit 2023 Live: बंद दरवाजों के पीछे जी-20 की बैठक, जानें समिट में अब तक क्या-क्या हुआ

What is G-20 Summit 2023 in Delhi India Live: जी20 सम्मेलन की बैठक भारत मंडपम में चल रही है। पीएम मोदी ने समिट का उद्घाटन करते हुए वैश्विक मुद्दों पर बात की। इस दौरान भारत की अध्यक्षता में ही जी20 में अफ्रीकी यूनियन को शामिल करने का एलान किया गया। इसके बाद बंद दरवाजे के पीछे जी20 की बैठक हुई।
ताजमहल देखने पहुंचे इंडोनेशिया के राष्ट्रपति के बेटे और बहू
जी-20 सम्मेलन में आए इंडोनेशिया के राष्ट्रपति के पुत्र कीसेंग पैनरेपए और पुत्रवधू ने शनिवार को ताज का दीदार किया। हल्की फुहारों के बीच वे ताजमहल की खूबसूरती में खो गए। संगमरमर पर उकेरी आकृतियों को छूकर देखा। मुख्य गुंबद से यमुना को निहारा। दोनों ही शाही मस्जिद से लेकर स्मारक का चप्पा-चप्पा देख अभिभूत नजर आए।
भारत में G 20 शिखर सम्मेलन | दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा ने ट्वीट किया, “हमें ख़ुशी है कि G 20 ने अफ़्रीकी संघ को G 20 के सदस्य के रूप में स्वीकार कर लिया है।”
सेंट्रल दिल्ली में लॉकडाउन जैसे हालात
जी20 सम्मेलन के चलते सेंट्रल दिल्ली में लॉकडाउन जैसे हालात हैं। सेंट्रल दिल्ली में ट्रैफिक मूवमेंट को प्रतिबंधित रखा गया है। बसों को रिंग रोड से गुजरने की इजाजत दी गई है। सिर्फ आधिकारिक वाहनों को ही आवाजाही की अनुमति दी गई है। दिल्ली के स्पेशल सीपी, लॉ एंड ऑर्डर दीपेंद्र पाठक ने कहा कि पर्याप्त संख्या में पुलिस और सैन्य बल की तैनाती की गई है और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।
विश्व में एक बहुत बड़ा संकट विश्वास के आभाव का आया है: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोविड-19 के बाद विश्व में एक बहुत बड़ा संकट विश्वास के आभाव का आया है। युद्ध ने इसको और गहरा किया है। जब हम कोविड को हरा सकते हैं तो हम आपसी विश्वास में आए इस संकट पर भी विजय प्राप्त कर सकते हैं। यह हम सबका साथ चलने का समय है इसलिए सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का मंत्र हम सबके लिए पथ प्रदर्शक बन सकता है। वैश्विव अर्थव्यवस्था में उथल-पुथल हो, उत्तर और दक्षिण में डिवाइड हो, पूर्व और पश्चिम की दूरी हो, भोजन, ईंधन और उर्वरक का प्रबंधन हो, आतंकवाद साइबर सुरक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा या जल सुरक्षा, हमें भावी पीढ़ियों के लिए इसका ठोस समाधान ढूंढना होगा।
अजाली असौमानी ने जी20 का स्थायी सदस्य बनने पर अपना स्थान ग्रहण किया
कोमोरोस संघ के अध्यक्ष और अफ्रीकी संघ (एयू) के अध्यक्ष अजाली असौमानी ने जी20 का स्थायी सदस्य बनने पर अपना स्थान ग्रहण किया।
अफ्रीकन यूनियन अध्यक्ष को G20 के स्थायी सदस्य के रूप में किया आमंत्रित
जी20 शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं आप सबकी सहमति से आगे की कार्रवाई शुरू करने से पहले अफ्रीकन यूनियन अध्यक्ष को G20 के स्थायी सदस्य के रूप में अपना स्थान ग्रहण करने के लिए आमंत्रित करता हूं।
पुरानी चुनौतियां नए समाधान मांग रही हैं
प्रधानमंत्री ने कहा कि 21वीं सदी का यह समय दुनिया को नई दिशा दिखाने वाला समय है। यह वह समय है जब बरसों पुरानी चुनौतियां हमसे नए समाधान मांग रही है। हमें मानवता वादी केंद्रित होकर इन समस्याओं को सुलझाना है।
पीएम मोदी ने मोरक्को में भूकंप पीड़ितों के प्रति जाहिर की संवेदनाएं
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि मोरक्को में आए भूकंप से प्रभावित लोगों के प्रति मैं अपनी संवेदना प्रकट करना चाहता हूं। मैं प्रार्थना करता हूं कि इस कठिन समय में पूरा विश्व समुदाय मोरक्को के साथ है। हम उन्हें हरसंभव सहायता पहुंचाने के लिए तैयार हैं। जी-20 के अध्यक्ष के तौर पर भारत आपका स्वागत करता है। जिस स्थान पर हम एकत्रित हैं, वहां से कुछ ही किमी के फासले पर करीब 2,500 साल पुराना एक स्तंभ लगा है। इसमें पारकृत भाषा में लिखा है- मानवता का कल्याण और सुख सुनिश्चित किया जाए। ढाई हजार साल पहले भारत की भूमि ने यह संदेश पूरे विश्व को दिया था। आइये इस संदेश को याद कर के जी-20 का हम शुभारंभ करें।
अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन भारत मंडपम पहुंच चुके हैं। भारतीय प्रधानमंत्री पीएम मोदी ने उनका स्वागत किया। स्वागत के दौरान पीएम मोदी जो बाइडन को कोणार्क चक्र के बारे में बताते दिखे।
ब्राजील के राष्ट्रपति भारत मंडपम पहुंचे।
ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डा सिल्वा भारत मंडपम पहुंच चुके हैं। पीएम मोदी ने उनका स्वागत किया।
ब्रिटिश पीएम ऋषि सुनक का स्वागत करते पीएम मोदी
पीएम मोदी ने भारत मंडपम में ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक का स्वागत किया। इस दौरान दोनों के बीच काफी बातें भी हुईं।
राष्ट्राध्यक्षों का प्रगति मैदान पहुंचना जारी
भारत मंडपम में पीएम मोदी ने नीदरलैंड्स के पीएम मार्क रुथ और नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद तिनुबु का स्वागत किया। इनके साथ ही सिंगापुर के पीएम ली सीन लूंग और स्पेन की उपराष्ट्रपति भी भारत मंडपम पहुंच चुकी हैं। जर्मनी के चांसलर ओलाफ शोल्ज भी भारत मंडपम पहुंच गए हैं, जहां पीएम मोदी ने उनका स्वागत किया।
यूएई के राष्ट्रपति का पीएम मोदी ने किया स्वागत
यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान भारत मंडपम पहुंचे, जहां पीएम मोदी ने उनका स्वागत किया।
मेहमानों का स्वागत कर रहे पीएम मोदी
राष्ट्राध्यक्षों और विभिन्न संगठनों का भारत मंडपम पहुंचना जारी है। प्रधानमंत्री मोदी सभी शीर्ष मेहमानों का स्वागत कर रहे हैं। अभी तक आईएमएफ की चीफ, विश्व बैंक के प्रमुख, मिस्त्र के पीएम, मॉरीशस के पीएम, स्पेन की पीएम, नीदरलैंड के पीएम समेत कई शीर्ष नेताओं का पीएम मोदी ने स्वागत किया।
मोहम्मद बिन सलमान भारत पहुंचे।
सऊदी अरब के किंग मोहम्मद बिन सलमान जी20 सम्मेलन के लिए भारत पहुंच चुके हैं। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। वहीं पीएम मोदी भारत मंडपम में विदेशी मेहमानों का स्वागत कर रहे हैं।








