SYNA महाविद्यालय में फेकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का हुआ आयोजन
SYNA महाविद्यालय में फेकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का हुआ आयोजन

कटनी। सायना SYNA इटरनेशनल काॅलेज ऑफ मेनेजमेंट स्टडीज कटनी द्वारा फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत माॅ वीणावादिनी सरास्वती व भगवान श्री गणेश जी की वंदना कर किया गया। आज के इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शासकीय तिलक महाविद्यालय के पूर्व प्राचार्य डाॅ0 के0पी0 शुक्ला जी उपस्थित हुए।
महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ0 सी.राजेश कुमार द्वारा पुष्प गुच्छ के माध्यम से स्वागत किया गया। स्वागत के पश्चात आज के इस कार्यक्रम में कटनी जिले के शासकीय/अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक/शिक्षिकाएँ जिन्होने आज के प्रोग्राम के लिये आनलाइन पंजीयन के माध्यम से सहमति प्रदान की थी, उपस्थित हुए।
सबसे पहले आज के मुख्य अतिथि के रूप में पधारे डाॅ0 के0पी0 शुक्ला जी ने अपने उदबोधन में बताया कि सायना महाविद्यालय सदैव से शिक्षा के क्षेत्र में नये नये नवाचार कर जिले में अनेक कार्यक्रम आयोजित करता आ रहा है। कटनी जिले में यह पहला अवसर है जब किसी महाविद्यालय ने इस तरह के जिले स्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर जिले के शिक्षकों को यह अवसर प्रदान किया।
हर मनुष्य को सदैव स्व प्रेरणा लेकर अपने आपको विकास की दिशा में कार्य करते रहना चाहिये तभी मनुष्य समुचित रूप से विकास कर पायेगा। हम बदलेंगे, युग बदलेगा जैसे कथन की पूर्ति तभी संभव है जब हर व्यक्ति अपने आप से शुरूआत करे और बदलाव करे। चाहे वह किसी भी क्षेत्र की बात हो परिवर्तन स्वयं से करना सर्वोपरि है।
इसके पश्चात महाविद्यालय के प्राचार्य जो कि इस कार्यक्रम के सूत्रधार रहे उनके द्वारा फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम के सत्र को आगे बढ़ाते हुए आज के सत्र की शुरूआत की जिसमें उन्होने अपने जीवन के सफलतम कार्य व अनुभवों को व्यक्त करते हुए सभी शिक्षकों के बीच कम्युनिकेशन गेम जैसे – ब्रोकन स्क्वायर, एक्शन रिप्ले, स्पीड टेस्ट आदि के माध्यम से बहुत ही रोचक व रचनात्मक गतिविधियों को आयोजित कर सभी के अनुभवों को सीखने सिखाने की विधि व अन्य गतिविधियां आयोजित की।
वही चर्चा के दौरान उन्होने बताया कि यह कार्यक्रम आयोजित करने का मुख्य उददेश्य शिक्षण और मूल्यांकन विधियों में नई अवधारणाओं के बारे में शिक्षकों को संवेदनशील बानाना है। विकास मनुष्य की क्षमताओं, विकल्पों तथा अवसरों को बढ़ावा देने की वह प्रक्रिया है, जिससे वह दीर्घ, स्वस्थ तथा परिपूर्ण जीवन व्यतीत कर सकें। इस सिद्धांत का उददेश्य विद्यार्थियों को एक व्यापक बुद्धिमता के साथ सम्र समझ प्रदान करता है।
आज के नित्य बदलते परिवेश में शिक्षकों को उन दक्षताओं और कुशलताओं से सुसज्जित करने की जरूरत है कि वह यह समझ सकें कि विद्यार्थियों को शिक्षा सामग्री को कैसे, क्या, कब, और कहाॅ सीखना है। इनके अनुसार एक नवाचारी दृष्टिकोण, पाठयक्रम के साथ ही एक गतिशील और आकर्षक शैक्षिक वातावरण को संस्थाओं में प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।
आज के कार्यक्रम में उपस्थित सभी सहभागियों ने सभी सत्रों में हिस्सा लेकर एक नई सोच व उर्जा के साथ भरपूर मनोरंजक खेल विधि द्वारा प्रश्नों के जवाब दिये व अपने अध्ययन अध्यापन के अनुभवों को साझा किया। इस अवसर पर कटनी शहर के डायमंड, नालंदा,सेक्रेड हार्ट, कुन्दनदास, बार्डसले, अनामिका अकेडमी, महाऋषि, सेंटपॉल विद्यालय व अन्य विद्यालय के शिक्षकों की उपस्थिति रही। समापन अवसर पर सायना ग्रुप से श्री हर्ष कपूर उपस्थित हुए जिन्होंने सभी को सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त विभागाध्यक्ष व सहायक प्राध्यापक व स्टाफ की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन सुश्री साक्षी कटारिया एवं आभार प्रर्दशन सुश्री मेघना ओटवानी ने किया।








