LatestPolitics

Facebook पर लोकप्रियता के मामले में मोदी ने ट्रंप को पछाड़ा, दोगुने फॉलोअर्स

जेनेवा। सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर लोकप्रियता के मामले में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया के तमाम नेताओं को काफी पीछे छोड़ दिया है। इनमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी शामिल हैं। एक अध्ययन के अनुसार फेसबुक पर मोदी के चार करोड़ 32 लाख फॉलोवर हैं, जबकि ट्रंप के केवल दो करोड़ 31 लाख। यानी ट्रंप की तुलना में मोदी करीब दोगुना ज्यादा लोकप्रिय हैं। मालूम हो कि मोदी जनता से संवाद में सोशल मीडिया प्लेटफार्म के उपयोग को हमेशा प्रोत्साहित करते रहते हैं।

ऐसे हुआ अध्ययन

अमेरिकी संवाद एजेंसी बर्सन कोहन एंड वोल्फ द्वारा बुधवार को जारी अध्ययन “फेसबुक पर दुनिया के नेता” में यह जानकारी सामने आई है। अध्ययन में 1 जनवरी, 2017 से विभिन्न राष्ट्र प्रमुखों, सरकारों और विदेश मंत्रालयों के करीब 650 फेसबुक पेजों का विश्लेषण किया गया। फेसबुक के क्राउडटेंगल टूल का प्रयोग कर कुल डाटा जुटाया गया। इसमें यह भी पाया गया कि एशिया में ट्विटर की अपेक्षा फेसबुक का अधिक इस्तेमाल होता है। ट्रंप के ट्विटर पर सबसे अधिक फॉलोवर हैं।

ट्रंप के पेज पर संवाद अधिक

पिछले 14 महीनों के दौरान ट्रंप के फेसबुक पेज पर दुनिया के किसी भी नेता के फेसबुक पेज की अपेक्षा कहीं अधिक संवाद रहे। इनकी संख्या 20 करोड़ 49 लाख रही। इनमें कमेंट, लाइक और शेयर्स शामिल हैं। इस मामले में मोदी के पेज पर 11 करोड़ 36 लाख संवाद हुए।

Leave a Reply

Back to top button