मुरैना: पोरसा में ईको कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो जैन समाज के युवकों की मौके पर मौत
मुरैना: पोरसा में ईको कार ने बाइक को मारी टक्कर, दो जैन समाज के युवकों की मौके पर मौत
मुरैना/भोपाल। मुरैना जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। पोरसा थाना क्षेत्र के भिंड रोड पर बुधवार को एक तेज रफ्तार ईको कार ने मोटरसाइकिल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और कार को जब्त कर लिया है।
मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे दोनों युवक
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतक मनीष जैन (38 वर्ष, निवासी गांधी नगर पोरसा) और आनंद जैन (निवासी गोरमी, भिंड) के रूप में हुई है। दोनों युवक बुधवार को मोटरसाइकिल से गोरमी स्थित सुकाण्ड जैन मंदिर के दर्शन कर पोरसा लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक भिंड रोड पर ‘ओम पैलेस’ के सामने पहुंची, तभी सामने से आ रही ईको कार (MP 07 AL 0358) के चालक ने उन्हें सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
पोरसा थाना पुलिस ने आरोपी कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।








