स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की बल्ले-बल्ले! सुबह 9 से शाम 5 बजे तक बिजली इस्तेमाल करने पर मिलेगी 20 प्रतिशत तक की छूट

IMG 20261104 WA0000

कटनी(YASHBHARAT.COM)। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए बिजली बिल में बचत करने का एक अच्छा अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली का उपयोग करने पर 20 प्रतिशत तक की विशेष छूट (रिबेट) देने की व्यवस्था की गई है।

कंपनी के अनुसार, स्मार्ट मीटर उपभोक्ता यदि अपनी बिजली खपत का समय निर्धारित करते हुए अधिक बिजली उपयोग वाले उपकरणों को सुबह 9 से शाम 5 बजे के बीच संचालित करते हैं, तो उन्हें बिजली बिल में उल्लेखनीय बचत हो सकती है।

इस योजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बिजली का समझदारी से उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना और बिजली व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है। दिन के समय सौर ऊर्जा (सोलर पावर) का उत्पादन अधिक होने के कारण इस अवधि में बिजली की उपलब्धता बेहतर रहती है। ऐसे में उपभोक्ता कम दर पर बिजली उपयोग का लाभ उठा सकते हैं।

इन उपकरणों का दिन में करें उपयोग

कंपनी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे पानी की मोटर, वाशिंग मशीन, इलेक्ट्रिक आयरन, गीजर, बैटरी एवं इन्वर्टर चार्जिंग, इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग, वाटर प्यूरीफायर स्टोरेज भरने, कृषि पंप सहित अधिक बिजली खपत वाले उपकरणों का उपयोग सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे के बीच करने का प्रयास करें।

स्मार्ट प्लग और टाइमर से भी होगी बचत

उपभोक्ता स्मार्ट प्लग और टाइमर की सहायता से अपने बिजली उपकरणों को निर्धारित समय पर स्वचालित रूप से संचालित कर सकते हैं। इससे बिना अतिरिक्त प्रयास के बिजली की खपत को नियंत्रित करने और बिल में बचत करने में मदद मिलेगी।

इसे भी पढ़ें-  रेल पार्सल ऐप लॉन्च: अब घर बैठे बुक करें पार्सल, झंझट खत्म; इन 8 बड़े शहरों में मिलेगी सुविधा, जानिए पूरी प्रक्रिया और फीचर्स

बिजली बिल में कमी के साथ पर्यावरण संरक्षण में योगदान

इस पहल से उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत मिलने के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही बिजली की मांग को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने और विद्युत व्यवस्था को अधिक कुशल बनाने में भी सहयोग मिलेगा।

मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड ने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपनी बिजली उपयोग की आदतों में छोटा सा बदलाव कर सुबह 9 से शाम 5 बजे के बीच अधिक बिजली खपत वाले उपकरणों का उपयोग करें और 20 प्रतिशत तक की रियायत का लाभ उठाएं।