Site icon Yashbharat.com

ई केवाईसी कार्य में लक्ष्य के अनुसार लाएं प्रगति, अन्यथा होगी सख्त कार्यवाही, जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक ढीमरखेड़ा में एसडीएम एवं जनपद पंचायत के सीईओ ने ग्राम पंचायतों को दिए निर्देश

IMG 20250607 WA0050

कटनी। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव एवं जिला पंचायत के सीईओ शिशिर गेमावत के निर्देश पर जिले भर में अभियान के तहत ई केवाईसी का कार्य किया जा रहा है। बुधवार को जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के मंगल भवन में अनुभागीय अधिकारी (राजस्व) श्रीमती निधि गोहल की अध्यक्षता में जनपद पंचायत के सीईओ यजुवेंद्र कोरी की मौजूदगी में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजन किया गया। समीक्षा बैठक में ई केवाईसी कार्य की ग्राम पंचायतवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान माह में सबसे कम प्रगति वाली ग्राम पंचायत कछारगांव छोटा बरोंदा और कचनारी और सबसे अधिक लंबित ई केवाईसी वाली ग्राम पंचायत उमरिया पान, झीनना पिपरिया और मुरवारी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए जाने के निर्देश अधिकारियों ने दिए। इसी प्रकार राज्य शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण संबल योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही पाए जाने पर ग्राम पंचायत बरही, भमका,देवरी बिछिया, गोपालपुर, कछारगांव छोटा और मढ़ाना को प्रकरणों में तत्परता पूर्वक कार्यवाही करने के निर्देश देते हुए शो काज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने समीक्षा करते हुए कहा कि तीन दिवस के अंदर ई केवाईसी कार्य में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं परिलक्षित होने पर वेतन कटौती की कार्यवाही के साथ-साथ सख्त कार्रवाई हेतु जिला पंचायत को प्रस्ताव भेजे जाएंगे। समीक्षा बैठक में ग्राम पंचायतों को खुले हुए बोर को तत्काल कार्रवाई करते हुए बंद कराने एवं वरिष्ठ अधिकारियों सहित जिला प्रशासन को सूचित किए जाने के निर्देश दिए। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता हेतु मरम्मत योग्य हैंडपंप के सुधार हेतु आवश्यक कार्रवाई किए जाने को कहा।

जल संवर्धन के कार्यों को प्राथमिकता से कराए

समीक्षा बैठक में मनरेगा योजना के अंतर्गत जल संवर्धन एवं संरक्षण के कार्यों की समीक्षा की गई। श्रमिक नियोजन में वृद्धि के साथ-साथ जल संरचनाओं के निर्माण का तकनीकी मानकों का पालन करते हुए समय सीमा में करने हेतु ग्राम पंचायत को निर्देशित किया गया। जल संवर्धन के कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं पाए जाने एवं लापरवाही पाए जाने पर ग्राम पंचायत हरदी, आमझल, बरेली, घुघरा, खाम्हा, बरोदा, टिरी, पिपरिया शुक्ल, पौनिया और आमाझाल को कार्यों में प्रगति लाने हेतु कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया।

समीक्षा बैठक में एसडीएम और जनपद पंचायत के सीईओ सहित तहसीलदार आशीष अग्रवाल, सहायक यंत्री अजय केसरवानी, बीपीओ आरपी मार्को, पंचायत समन्वय अधिकारी योगेंद्र कुमार असाटी, एसबीएम की बी सी संतोष पाठक, पीएमएवाई जी के बीसी अभिषेक भार्गव, एपीओ मनरेगा, एनआरएलएम और वाटरशेड के अधिकारी कर्मचारी सहित सहित उपयंत्री, एडीईओ, ग्राम पंचायत के सचिव, ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित रहे।

Exit mobile version