संघ स्थापना पर अनुशासित स्वयंसेवकों का निकला पथ संचल
कटनी/ “संघ का अनुशासन अनुकरणीय है, संघ के स्वयंसेवक सेवा कार्यों के माध्यम से अपनी अमिट छाप छोड़ते हैं, आज कटनी में इतनी बड़ी संगठित शक्ति समाज परिवर्तन में लगी है जिसे मैं महसूस कर रहा हूं,समाज की ये संगठित शक्ति देश को विकास के पथ पर ले जा सकती है हम सभी को मिलकर समाज हित के कार्यों में आगे आना चाहिए।” उकताशय के उदगार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ कटनी नगर के विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन कार्यक्रम में केल्ड्रीज इंडिया कटनी के प्रबंधक प्रियव्रत विश्वास जी ने मुख्य अतिथि की आसंदी से व्यक्त किए।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सागर से उपस्थित हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र सामाजिक समरसता संयोजक सुनील देव जी ने कहा कि “सारे विजय का सूत्र है संगठन।आज से 101 वर्ष पहले विजयादशमी के दिन ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना डॉ हेडगेवार जी ने की।भारत को पुनः परम वैभव के शिखर पर पहुंचाना है तो देश में संपूर्ण हिंदू समाज को संगठित कर तन मन धन से समाजहित के कार्यों में लगाना है,सब मिलकर करेंगे तो हम भारत को भारत बना सकते हैं,हम समाज में जाकर काम करते हैं,जिससे भारत समृद्ध हो , हिंदू समाज संगठित स्वाभिमानी शक्तिशाली हो जिससे हमारा भारत विश्व गुरु के पद पर आसीन हो,पंच परिवर्तन के माध्यम से समाज परिवर्तन हमारी संकल्पना है,सब मिलकर पेड़ लगाने का संकल्प ,पानी का समुचित उपयोग,सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर प्रतिबंध पर काम कर सकते हैं।”
मंच पर माननीय विभाग संघ चालक विपिन तिवारी जी,नगर संघ चालक किशोर ओचानी जी भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम में जिला संघ चालक डॉ अमित साहू, प्रांतीय अधिकारी राजकुमार जैन,विभाग कार्यवाह अमित कनकने,जिला कार्यवाह संजय त्रिपाठी जी सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति प्रबुद्ध नागरिक जन एवं स्वयंसेवक जन उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ स्थापना के 101 वर्ष पूर्ण होने पर पूरे जिले के साथ साथ कटनी नगर में भी पथ संचलन निकला।एक साथ तीन स्थानों से प्रारंभ होकर संचलन विभिन्न मार्गों से होता हुआ फॉरेस्टर प्लेग्राउंड में समाप्त हुआ।नगर के विभिन्न संगठनों ने संचलन का स्वागत पुष्पवर्षा दीप प्रज्वलन के साथ किया।











