katniLatest

सभी व्यवस्थाएं ऑनलाइन होने के बावजूद नहीं कम हो रहे आरटीओ दलाल, शासन का दलाल मुक्त आरटीओ कार्यालय कटनी का दावा पड़ रहा कमजोर

RTO Exclusive: शासन-प्रशासन की लाख कोशिश के बावजूद परिवहन विभाग की ऑनलाइन व्यवस्था दलालों के माकडज़ाल को ध्वस्त नहीं कर पा रही है। आरटीओ कार्यालय में सक्रिय हाईटेक दलालों ने ऑनलाइन व्यवस्था का भी तोड़ निकाल लिया है।

वो साइबर कैफे से ऑनलाइन टेस्ट में नकल करवा रहे हैं और बिना ड्राइविंग टेस्ट के परमानेंट लाइसेंस बनवा देते हैं। यही वजह है कि कटनी-रीठी रोड स्थित आरटीओ कार्यालय में दलाल अभी भी सक्रिय हंै। इनकी सक्रियता का आलम यह है कि हर काम के लिए आवेदक आज भी दलालों के आगे पीछे घूमते नजर आ रहे हैं।

जिस काम के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क 500 रुपए है, वहीं काम को कराने के लिए दलाल कार्यालय के सामने व पुराना बस स्टैंड क्षेत्र के साइबर कैफे से ऑनलाइन प्रक्रिया कराकर एक से डेढ़ हजार रुपए वसूल रहे हैं। परिवहन विभाग के अधिकारी बतातें है।

कि ऑनलाइन व्यवस्था की आधी अधूरी जानकारी होने पर आवेदक दलालों के संपर्क में आ जाते हंै जबकि कार्यालय के अंदर ऑनलाइन व्यवस्था के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है। इस आधार पर आवेदक चाहे तो घर बैठे अपना काम आसानी से निपटा सकते है।

गलत फीस कटने पर रिफंड नहीं

ऑनलाइन व्यवस्था के तहत असफल ट्रांजेक्शन अथवा आवेदन शुल्क ज्यादा जमा होने पर रिफंड की सुविधा नहीं है जबकि रेलवे में ऑनलाइन व्यवस्था के तहत एक सप्ताह में रिफंड खाते में आ जाता है। ऐसे में परिवहन विभाग से पैसा वापस लेने के लिए ट्रेजरी से धनराशि की रिफंड कराने में काफी वक्त लगता है इससे आवेदक परेशान होते हैं।

विभाग के लिए मजबूरी बने दलाल

कार्यालय के कर्मचारी बतातें है कि दलाल विभाग के लिए मजबूरी बन चुके हैं। वजह साफ है कार्यालय में आवेदकों की भीड़ बढ़ रही है और कर्मचारी सेवानिवृत होकर कम होते जा रहे हैं। दो दशकों से कर्मचारियों की भर्ती हुई नहीं है। ऐसे में कार्यालय के अधिकांश काम दलालों पर ही निर्भर है।

डीएल संबंधी नौ सेवाएं ऑनलाइन

परिवहन विभाग के ऑनलाइन सेवाओं में साफ्टवेयर के जरिए ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़े नौ तरह की सुविधाएं आवेदकों को दी जा रही है। इनमें लर्निंग डीएल, परमानेंट डीएल, डुब्लीकेट डीएल, नवीनीकरण डीएल, डीएल पर दर्ज पता बदलवाना, दो पहिया डीएल को चार पहिया में बदलवाना, डीएल खराब होने पर बदलवाना, इंटरनेशनल ड्राइविंग लाइसेंस की अनुमति लेना, परिचालक लाइसेंस बनवाना शामिल हैं।

वाहन संबंधी नौ सेवाएं ऑनलाइन

परिवहन विभाग के ऑनलाइन सेवाओं में वाहन साफ्टवेयर के जरिए वाहन संबंधी नौ प्रकार की सेवाएं आवेदकों को दी जा रही है। इनमें डुब्लीकेट रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र, वाहन का ट्रांसफर, रजिस्ट्रेशन प्रमाण पत्र में पता बदलवाना, एनओसी के लिए आवेदन करना, आरसी पर बैंक लोन दर्ज कराना, आरसी पर बैंक लोन हटवाना, आरसी पर बैंक लोन जारी रखना, आरसी नवीनीकरण कराना, वाहनों के अस्थाई परमिट लेना शामिल हैं।

Back to top button