Delhi: शाही इमाम ने PM को लिखा खत, जामा मस्जिद की मरम्मत कराने की गुजारिश
दिल्ली में जामा मस्जिद के शाही इमाम सैयद अहमद बुखारी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक पत्र लिखकर उनसे जामा मस्जिद की मरम्मत कराने का अनुरोध किया है। शुक्रवार को भी मीनार से पत्थर गिरने के बाद उन्होंने पीएम को पत्र लिखकर इस ऐतिहासिक इबादतगाह की जल्द से जल्द मरम्मत कराने के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को निर्देश देने की गुजारिश की।
शाही इमाम ने पीएम मोदी को लिखे पत्र में कहा कि मस्जिद के कई पत्थर जर्जर हालत में हैं और अकसर गिर भी जाते हैं। शुक्रवार को मस्जिद की इमारत से कुछ पत्थर नीचे गिरे, लेकिन लॉकडाउन की वजह से आम लोगों के लिए मस्जिद के बंद होने के चलते, बड़ा हादसा टल गया। इन पत्थरों के गिरने से उनके आसपास के पत्थरों की मजबूती कमजोर हो गई है और किसी हादसे से बचने के लिए फौरन मरम्मत की जरूरत है।”
उन्होंने कहा कि मस्जिद की मरम्मत के लिए स्थायी बजट नहीं होने की वजह से मस्जिद में मरम्मत का काम होने में वक्त लगता है। उन्होंने कहा कि मस्जिद काफी जर्जर हो गई है इसलिए उन्होंने प्रधानमंत्री से गुजारिश की है कि वे भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग को यह निर्देश दें कि वह जामा मस्जिद का निरीक्षण करे और जरूरी मरम्मत करवायें।
वैसे आपको बता दें कि मस्जिद के रखरखाव की जिम्मेदारी दिल्ली वक्फ बोर्ड के पास है। लेकिन विशेष परिस्थितियों में ASI मस्जिद की मरम्मत करता रहा है। अभी पीएम मोदी की ओर से इसपर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। दिल्ली के लाल किले के सामने स्थित इस मस्जिद का निर्माण मुगल बादशाह शाहजहां ने 1656 में कराया था। दिल्ली की सबसे बड़ी मस्जिद में 25,000 लोग एक साथ नमाज़ अदा कर सकते हैं। कहते हैं कि शाहजहां ने 10 करोड़ रुपये की लागत से इस मस्जिद का निर्माण कराया था।






