Cyber Fraud In MP: IAS-IPS जिनके कंधों पर लोगों को ठगी से बचाने की जिम्मेदारी वे खुद साइबर ठगों के बन रहे शिकारी, कई पुलिसकर्मी ठगों ने निशाने पर
Cyber Fraud In MP: IAS-IPS जिनके कंधों पर लोगों को ठगी से बचाने की जिम्मेदारी वे खुद साइबर ठगों के बन रहे शिकारी, कई पुलिसकर्मी ठगों ने निशाने पर हैं। जिन अधिकारियों के कंधों पर लोगों को ठगी से बचाने की जिम्मेदारी है, वे खुद साइबर ठगों के निशाने पर हैं।
ठगों ने आइएएस और आइपीएस अधिकारियों के फेसबुक अकाउंट हैक करने के बाद फर्जी अकाउंट बनाकर उनसे जुड़े लोगों से ठगी शुरू कर दी हैं। ताजा उदाहरण मुरैना एसपी शैलेंद्र सिंह चौहान का है। बीते सप्ताह फेसबुक पर उनका फर्जी अकाउंट बनाया गया।
श्योपुर एसपी डा. राय सिंह नरवरिया का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर तो साइबर ठगों ने पुराने फर्नीचर और घर के सामान के फोटो पोस्ट कर दिए और लिखा कि तबादला हो जाने के कारण यह फर्नीचर व सामान बेचना है।
कई लोगों से कुछ पैसा भी साइबर ठगों ने वसूले। भिंड एसपी डा. असित यादव के नाम से भी साइबर अपराधियों ने फर्जी फेसबुक अकाउंट बना लिया।
इंदौर में तैनात रहे पुलिस अधिकारी एमएस वर्मा के नाम से बनाए फर्जी फेसबुक अकाउंट पर ठगों ने लिखा कि मेरा स्वास्थ्य खराब है अभी किसी से बात नहीं कर पाऊंगा, मुझे आर्थिक सहयोग की जरूरत है। एक बैंक खाता नंबर पोस्ट कर दिया, जो ठगों का था। इस खाते में कई थाना प्रभारियों से लेकर अन्य पुलिसकर्मियों ने बिना सोचे-समझे व सत्यापन के पैसे डाल दिए।
इन अधिकारियों के भी बने फर्जी अकाउंट
मुरैना व इंदौर के पूर्व एसपी और केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीबीआई में तैनात आइपीएस अधिकारी आशुतोष बागरी का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर कई लोगों को ठगने का प्रयास किया गया।
सतना कलेक्टर अनुराग वर्मा के नाम से फेसबुक पर तीन फर्जी अकाउंट बना लिए गए हैं।
मुरैना के पूर्व एसपी व वर्तमान में छतरपुर में डीआइजी ललित शाक्यवार के नाम से भी फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर लोगों से मैसेज के माध्यम से फोन नंबर मांगे गए।
खंडवा के एसपी अनुराग सुजानिया के नाम से भी फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया गया और उनके करीबियों को मैसेज करके ठगने का प्रयास किया।
पीएचक्यू में पदस्थ एडीजीपी सुनील कुमार पांडेय के नाम से भी 15 दिन पहले ठगों ने फर्जी फेसबुक अकाउंट बना लिया।








