katniमध्यप्रदेश

जर्जर भवनों पर निगम की सख्त कार्रवाई जारी, वर्षा ऋतु में जन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता,रघुनाथ गंज वार्ड के जोखिमपूर्ण भवन को सुरक्षा प्रबंधों के बीच किया गया डिस्मेंटल

जर्जर भवनों पर निगम की सख्त कार्रवाई जारी, वर्षा ऋतु में जन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता,रघुनाथ गंज वार्ड के जोखिमपूर्ण भवन को सुरक्षा प्रबंधों के बीच किया गया डिस्मेंटल

कटनी। वर्षा ऋतु के दौरान जर्जर भवनों के धराशायी होने से संभावित जन-धन हानि की आशंका को देखते हुए नगर पालिक निगम कटनी द्वारा नगर क्षेत्र में चिन्हित जर्जर एवं खतरनाक भवनों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है। निगम प्रशासन द्वारा ऐसे भवनों का तकनीकी परीक्षण एवं सर्वेक्षण कर चरणबद्ध रूप से सुरक्षित ढंग से डिस्मेंटल करने की कार्रवाई की जा रही है, ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

 

इसी क्रम में बुधवार को रघुनाथ गंज वार्ड स्थित सुरेश माखीजा के अत्यंत जर्जर एवं जोखिमपूर्ण भवन को निगम प्रशासन द्वारा आवश्यक सुरक्षा संसाधनों, मशीनरी एवं सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए डिस्मेंटल किया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र की बैरिकेडिंग कर आवागमन को नियंत्रित रखा गया तथा संबंधित अमले की मौजूदगी में भवन को सुरक्षित रूप से हटाया गया। इस दौरान क्षेत्रीय उपयंत्री रवि हनौते, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह सहित अतिक्रमण अमले की मौजूदगी रही।

 

नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान जन सुरक्षा निगम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ऐसे सभी जर्जर भवन, जिनसे आमजन के जीवन एवं संपत्ति को खतरा उत्पन्न होने की संभावना है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने भवन स्वामियों से अपील की कि वे अपने जर्जर भवनों की समय रहते मरम्मत कराएं अथवा निगम के निर्देशानुसार उन्हें सुरक्षित रूप से हटाने में सहयोग करें, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

 

निगम प्रशासन ने नागरिकों से भी आग्रह किया है कि वर्षा के दौरान किसी भी जर्जर अथवा क्षतिग्रस्त भवन के आसपास अनावश्यक रूप से एकत्रित न हों। निगम प्रशासन द्वारा आगामी दिनों में भी नगर के अन्य चिन्हित जर्जर भवनों के विरुद्ध अभियान सतत जारी रहेगा।

Back to top button