Site icon Yashbharat.com

जर्जर भवनों के विरुद्ध निगम प्रशासन का अभियान जारी, सुभाष चौक में हुई कार्यवाही,दुर्घटना की आशंका को देखते हुए हटाया गया जर्जर हिस्सा

IMG 20260528 WA0029

जर्जर भवनों के विरुद्ध निगम प्रशासन का अभियान जारी, सुभाष चौक में हुई कार्यवाही,दुर्घटना की आशंका को देखते हुए हटाया गया जर्जर हिस्स

 

कटनी। नगर निगम प्रशासन द्वारा नगरवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वर्षा पूर्व नगर के जर्जर एवं खतरनाक भवनों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार प्रातः नगर के मुख्य एवं व्यस्ततम बाजार क्षेत्र सुभाष चौक स्थित एक भवन के अत्यधिक जर्जर एवं जोखिमपूर्ण हिस्से को निगम प्रशासन द्वारा पृथक कर सुरक्षित किया गया।

 

कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह एवं अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि उक्त भवन का हिस्सा लंबे समय से क्षतिग्रस्त एवं कमजोर स्थिति में था, जिससे आमजन एवं राहगीरों की सुरक्षा को खतरा उत्पन्न होने की आशंका बनी हुई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए निगम प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए तथा तकनीकी निरीक्षण उपरांत जर्जर हिस्से को सावधानीपूर्वक हटाने की कार्यवाही की।

 

कार्यपालन यंत्री श्री सिंह ने बताया कि नगर निगम द्वारा लगातार ऐसे भवनों का चिन्हांकन किया जा रहा है, जो समय के साथ कमजोर होकर दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। निगम प्रशासन का उद्देश्य संभावित हादसों को रोकते हुए नागरिकों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित शहरी वातावरण उपलब्ध कराना है।

निगम प्रशासन द्वारा भवन स्वामियों से भी अपील की है कि वे अपने पुराने एवं क्षतिग्रस्त भवनों की समय-समय पर जांच कराएं तथा आवश्यकता पड़ने पर आवश्यक मरम्मत या सुरक्षित निष्पादन की कार्यवाही स्वयं सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा दुर्घटना की स्थिति निर्मित न हो।

 

नगर निगम द्वारा भविष्य में भी जनहित एवं जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसे जर्जर एवं खतरनाक भवनों पर कार्यवाही का अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा। उक्त कार्यवाही के दौरान कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह, राकेश रजक, सहित अतिक्रमण टीम मौजूद रही।

Exit mobile version