दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे में कटनी के होनहार छात्र अक्षत यादव की मौत, दुबे कॉलोनी में पसरा मातम

दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे में कटनी के होनहार छात्र अक्षत यादव की मौत, दुबे कॉलोनी में पसरा मात

 

कटनी/नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को भरभराकर गिरी पांच मंजिला इमारत के भीषण हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे में जान गंवाने वालों में मध्यप्रदेश के कटनी निवासी होनहार छात्र अक्षत सिंह यादव भी शामिल हैं। अक्षत की मौत की खबर जैसे ही कटनी पहुंची, दुबे कॉलोनी स्थित उनके घर में मातम पसर गया। परिवार और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सत्य निकेतन इलाके में दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के समीप एक छात्र पीजी की पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई थी। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की सूचना पर पुलिस, दमकल और बचाव दल ने बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। हादसे में अब तक छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इमारत में निर्माण/मरम्मत का काम भी चल रहा था।

कटनी के अक्षत थे होनहार छात्र

मृतक अक्षत सिंह यादव कटनी के दुबे कॉलोनी, तुलसी नगर निवासी बताए गए हैं। वे दिल्ली विश्वविद्यालय के पीजीडीएवी कॉलेज में द्वितीय वर्ष के छात्र थे और भविष्य में प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना संजोए हुए थे। परिवार के अनुसार अक्षत पढ़ाई में मेधावी थे और अपने भविष्य को लेकर बेहद गंभीर थे। उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

अक्षत के पिता रोजगार के सिलसिले में कोटा में रहते हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। हादसे की खबर मिलने के बाद परिजन दिल्ली पहुंचे और एम्स ट्रॉमा सेंटर में अक्षत के शव की पहचान की। बेटे का शव देखते ही माता-पिता का दर्द छलक पड़ा। उनकी बहन भी गहरे सदमे में है।

अधिकारी बनने का सपना रह गया अधूरा

परिजनों के मुताबिक अक्षत का सपना यूपीएससी की तैयारी कर प्रशासनिक अधिकारी बनने का था। वह अपने पिता से अक्सर कहता था कि वह एक दिन अफसर बनकर परिवार का नाम रोशन करेगा। लेकिन दिल्ली के इस दर्दनाक हादसे ने परिवार के इस होनहार बेटे और उसके सपनों को हमेशा के लिए छीन लिया।

सत्य निकेतन हादसे में कटनी के अक्षत की मौत की खबर से शहर में भी शोक की लहर है। स्थानीय लोगों और परिचितों ने अक्षत के असमय निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह अपार दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की है।

Exit mobile version