Sunday, May 24, 2026
Latest:
katniमध्यप्रदेश

जन सुरक्षा के प्रति निगम प्रशासन सतर्क, जर्जर भवनों पर लगातार कार्रवाई जारी,सिल्वर टॉकीज रोड स्थित खतरनाक भवन के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ, सुरक्षा व्यवस्था के बीच की जा रही कार्रवाई

जन सुरक्षा के प्रति निगम प्रशासन सतर्क, जर्जर भवनों पर लगातार कार्रवाई जारी,सिल्वर टॉकीज रोड स्थित खतरनाक भवन के ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया प्रारंभ, सुरक्षा व्यवस्था के बीच की जा रही कार्रवा

 

कटनी। आगामी मानसून को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा जन सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जर्जर एवं खतरनाक भवनों के विरुद्ध विशेष अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को नगर के व्यस्त बाजार क्षेत्र सिल्वर टॉकीज रोड स्थित खोवा मंडी के एक जर्जर भवन पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई प्रारंभ की गई।

 

निगम प्रशासन द्वारा कार्रवाई के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए मार्ग को दोनों ओर से बंद किया गया तथा आवश्यक सुरक्षा संसाधनों की व्यवस्था के बीच भवन के खतरनाक हिस्सों को हटाने का कार्य प्रारंभ कराया गया। आवश्यकता अनुसार मशीनरी का भी उपयोग किया जाएगा।

 

नगर निगम के कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह एवं अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि अथवा दुर्घटना की संभावना को रोकने हेतु नगर के विभिन्न वार्डों में पुराने एवं जर्जर भवनों का सर्वेक्षण कराया गया है। सर्वेक्षण के आधार पर खतरनाक श्रेणी में पाए गए भवनों को चिन्हित कर संबंधित भवन स्वामियों को नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 एवं नगर पालिका अधिनियम 1961 के प्रावधानों के तहत नोटिस जारी किए गए हैं।

 

उन्होंने बताया कि भवन स्वामियों को खतरनाक हिस्सों की मरम्मत अथवा उन्हें हटाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशों का पालन नहीं किए जाने की स्थिति में निगम प्रशासन द्वारा जनहित एवं नागरिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए नियमानुसार ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।

 

निगम प्रशासन ने जर्जर भवन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने जर्जर एवं खतरनाक भवनों को स्वेच्छा से हटाने की कार्रवाई करें ताकि जनहानि की आशंका को रोका जा सके अन्यथा की स्थिति में निगम प्रशासन द्वारा जर्जर भवन को हटाने की कार्यवाही की जाएगी जिसकी सम्पूर्ण जवाबदारी संबंधित भवन स्वामी की होगी।

Rohit Sen

15 वर्षों से प्रिंट एवं डिजीटल मीडिया में कार्य का अनुभव वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में जिला प्रतिनिधि