Coronavirus New Symptoms: कोरोना वायरस का एक और लक्षण, आंखों में बन रहे खून के थक्के
Coronavirus New Symptoms: दुनियाभर में कोरोना वायरस का कहर जारी है। लाख कोशिशों के बाद भी अब तक इसका पुख्ता इलाज नहीं मिल सका है। वहीं कोरोना वायरस के नए लक्षण सामने आ रहे हैं। अब पता चला है कि कोरोना संक्रमण के कारण आंखों में खून के थक्के बने रहे हैं।
बिहार में इस तरह के केस सामने आए हैं। यहां लोग आंखों में लाल निशान की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं और जांच में कोरोना पॉजिटिव निकल रहे हैं। बता दें, इससे पहले भी समय समय पर कोरोना के नए नए लक्षण सामने आए हैं। शुरुआत सर्दी जुकाम, गले में खराश, बुखार से हुई थी और फिर पैरों में लाल निशान और स्वाद का अनुभव नहीं होना बताया गया।
जानकारी के मुताबिक, Covid-19 का दुष्प्रभाव अब आंखों पर देखा जा रहा है। सबसे खतरनाक स्थिति रेटिना में खून के थक्के जमना है। पटना ऐम्स में शुरुआती दौर में रेटिना में खून के थक्कों को पोस्ट Covid-19 लक्षण माना गया था। वहीं, इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (आईजीआइएमएस) स्थित क्षेत्रीय चक्षु केंद्र के डॉक्टरों ने जब ऐसे रोगियों की Covid-19 जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

