Site icon Yashbharat.com

Coronavirus MP News: वेंटिलेटरयुक्त एंबुलेंस का किराया 25 रुपये प्रति किलोमीटर तय

IMG 20200713 WA0020

Coronavirus MP News: भोपाल । कोरोना संक्रमित मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए मनमाना शुल्क वसूलने के बढ;ते मामलों को देखते हुए सरकार ने बुधवार को एंबुलेंस की प्रति किलोमीटर दर तय कर दी। वेंटिलेटरयुक्त एंबुलेंस (एएलएस) के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में किराया 25 रुपये प्रति किलोमीटर लगेगा। इसी तरह बुनियादी सुविधाओं से युक्त एंबुलेंस (बीएलएस) के लिए 20 रुपये प्रति किलोटर के हिसाब से किराया लिया जा सकेगा। परिवहन विभाग ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं।

एंबुलेंस के लिए मरीजों के स्वजन से मनमाना किराया वसूल करने के मामले सामने आने पर मुख्यमंत्री ने मंगलवार को दरें तय करने के निर्देश दिए थे। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने बताया था कि कोरोना के मरीजों के परिवहन के लिए प्रदेश में अलग-अलग दरें निर्धारित हैं।

वर्तमान में जिगित्सा हेल्थ केयर द्वारा निर्धारित दर 23.31 रुपये प्रति किलोमीटर है। कोरोना मरीजों के परिवहन के लिए एंबुलेंस में पीपीई किट, सैनिटाइजर सहित अतिरिक्त व्यवस्था करनी होती है। इसके मद्देनजर अतिरिक्त राशि का प्रविधान किया जाना जरूरी है। विभाग ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के लिए अलग-अलग दरों का प्रस्ताव दिया, जिसे स्वीकार कर लिया गया। इसके आधार पर परिवहन विभाग ने एंबुलेंस की दरें प्रति किलोमीटर तय कर दी हैं।

शहरी क्षेत्र में वेंटिलेटरयुक्त एंबुलेंस (एएलएस) की दर प्रथम 10 किलोमीटर के लिए पांच सौ रुपये और फिर प्रति किलोमीटर 25 रुपये होगी। इसी तरह बुनियादी सुविधा से युक्त एंबुलेंस (बीएलएस) के लिए प्रथम 10 किलोमीटर के लिए 250 रुपये और फिर 20 रुपये प्रति किलोमीटर शुल्क लिया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र में एएलएस एंबुलेंस की दर प्रथम 20 किलोमीटर के लिए आठ सौ रुपये और फिर प्रति किलोमीटर 25 रुपये रहेगी। बीएलएस श्रेणी की एंबुलेंस के लिए प्रथम 20 किलोमीटर के लिए पांच सौ रुपये और फिर 20 रुपये प्रति किलोमीटर रहेगी।

Exit mobile version