
- मध्यप्रदेश के इंदौर में एक डॉक्टर और देवास में एक पत्रकार की मौत, राज्य में अब तक 28 मौतें हुईं
- जम्मू और पंजाब में गुरुवार को जिन दो मरीजों की मौत हुई, उन्हें डायबिटीज, हाइपरटेंशन की तकलीफ थी
- बुधवार को देश में 27 मौतें हुई थीं, इनमें सबसे ज्यादा 16 लोगों की जान महाराष्ट्र में गई थी
नई दिल्ली. देश में कोरोना संक्रमण के मरीजों की संख्या 6 हजार 725 हो गई है। गुरुवार को एक दिन में रिकॉर्ड 809 पॉजिटिव मिले। यह संक्रमितों की संख्या में अब तक का सबसे तेज इजाफा है। इससे पहले, 5 अप्रैल को एक दिन में 605 मामले सामने आए थे। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार शाम 5 बजे देश में कुल संक्रमितों की संख्या 5 हजार 865 बताई है। इनमें से 477 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 169 की मौत हुई।
मध्यप्रदेश में गुरुवार को तीन संक्रमितों की मौत हुई। यहां इंदौर में 62 साल के डॉक्टर और 44 साल के मरीज की जान चली गई। देवास में 52 साल के पत्रकार ने दम तोड़ दिया। राज्य में मौत का आंकड़ा 33 पर पहुंच गया है।
गुरुवार को सबसे ज्यादा 229 नए मामले महाराष्ट्र में सामने आए। वहीं, गुजरात में 76, राजस्थान में 80, उत्तरप्रदेश में 49, मध्यप्रदेश में 70, छत्तीसगढ़ में 8 और बिहार में 12 मरीज बढ़े। इस बीच, असम के स्वास्थ्य मंत्री हेमंत बिस्व सरमा ने गुरुवार को कहा- कल तक राज्य में कम से कम 70 हजार लोग 14 दिन का क्वारैंटाइन पूरा कर लेंगे।
वेंटिलेटर और टेस्टिंग किट पर आयात शुल्क में छूट
देश में कोरोना संकट से मुकाबले के लिए जरूरी साजो-सामान और उपकरणों की कमी न हो, इसलिए केंद्र सरकार ने वेंटिलेटर, फेस मास्क, सर्जिकल मास्क, पीपीई, कोविड-19 परीक्षण किट और इन्हें बनाने के लिए जरूरी वस्तुओं को मूल सीमा शुल्क और हेल्थ सेस में छूट दे दी है। यह छूट तत्काल प्रभाव से लागू होगी और 30 सितंबर 2020 तक जारी रहेगी।
केंद्र ने 15 हजार करोड़ रु. का फंड मंजूर किया
इधर, केंद्र सरकार ने कोविड-19 इमरजेंसी रिस्पॉन्स एंड हेल्थ सिस्टम प्रिपेयर्डनेस पैकेज के तहत 15 हजार करोड़ रुपए के फंड को मंजूरी दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 100% केंद्रीय फंड के इस पैकेज को जनवरी, 2020 से मार्च 2024 के बीच तीन किश्तों में लागू किया जाएगा। केंद्र ने कहा- इस पैकेज से राष्ट्रीय और राज्यों के स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने, बीमारी के रोकथाम और इससे मुकाबले की तैयारी करने, जरूरी मेडिकल उपकरण और जरूरी दवाइयों की खरीदी के साथ निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए जा सकेंगे। जांच के लिए प्रयोगशालाएं और बायो सिक्योरिटी के तरीके भी विकसित किए जा सकेंगे।
27 राज्य और 5 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
| राज्य | कितने संक्रमित | कितनी मौत | कितने ठीक हुए |
| महाराष्ट्र | 1364 | 97 | 125 |
| तमिलनाडु | 834 | 8 | 27 |
| दिल्ली | 720 | 12 | 25 |
| तेलंगाना | 471 | 12 | 45 |
| राजस्थान | 463 | 6 | 45 |
| उत्तरप्रदेश | 410 | 4 | 31 |
| आंध्रप्रदेश | 363 | 5 | 10 |
| केरल | 357 | 2 | 97 |
| मध्यप्रदेश | 411 | 26 | 25 |
| गुजरात | 262 | 17 | 26 |
| कर्नाटक | 197 | 6 | 30 |
| हरियाणा | 170 | 2 | 32 |
| जम्मू-कश्मीर | 184 | 4 | 6 |
| पंजाब | 130 | 10 | 18 |
| प.बंगाल | 103 | 5 | 16 |
| ओडिशा | 44 | 1 | 2 |
| बिहार | 58 | 1 | 15 |
| उत्तराखंड | 35 | 0 | 5 |
| असम | 29 | 0 | 0 |
| हिमाचल प्रदेश | 28 | 2 | 1 |
| चंडीगढ़ | 18 | 1 | 7 |
| लद्दाख | 14 | 0 | 10 |
| अंडमान-निकोबार | 11 | 0 | 0 |
| छत्तीसगढ़ | 18 | 0 | 9 |
| गोवा | 7 | 0 | 0 |
| पुडुचेरी | 5 | 0 | 1 |
| झारखंड | 13 | 1 | 0 |
| मणिपुर | 2 | 0 | 1 |
| अरुणाचल प्रदेश | 1 | 0 | 0 |
| दादरा एवं नगर हवेली | 1 | 0 | 0 |
| मिजोरम | 1 | 0 | 0 |
| त्रिपुरा | 1 | 0 | 0 |
ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट और राज्य सरकारों से मिले आंकड़ों के मुताबिक हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार शाम 5 बजे तक देश में कुल संक्रमितों की संख्या 5 हजार 865 बताई है। इनमें से 477 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 169 की मौत हो चुकी है।
राज्यों की स्थिति
- महाराष्ट्र, संक्रमित 1364: राज्य में गुरुवार को संक्रमण के 229 नए मामले सामने आए। आज 18 लोगों की मौत हुई। गुरुवार शाम तक पुणे में 7 और मुंबई में 9 लोगों ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा मालेगांव और रत्नागिरी में भी एक-एक शख्स की मौत हुई। इसी के साथ राज्य में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 97 तक पहुंच गया है। मुंबई के 381 इलाकों को कंटेनमेंट एरिया घोषित कर दिया गया है। यहां आम लोगों की आवाजाही बंद कर दी गई है। वहीं, डीएचएफएल समूह के वाधवन परिवार के सदस्यों लॉकडाउन का उल्लंघन करके शहर में घूमने पर पुलिस ने महाबलेश्वर में इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन के तहत रखा है। स्थानीय पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

- मध्यप्रदेश, संक्रमित- 411: गुरुवार को 70 नए मामले सामने आए। इनमें से भोपाल में 8, खंडवा में 4 और धार में 1 मरीज मिला है। कुल संक्रमितों में से इंदौर में 213, भोपाल में 95, मुरैना में 13, उज्जैन में 15, खरगोन में 12, बड़वानी में 14, जबलपुर में 9, ग्वालियर में 6, इटारसी में 6, छिंदवाड़ा में 4, खंडवा में 5, देवास में 3, शिवपुरी-विदिशा में 2-2, जबकि धार, बैतूल, श्योपुर, रायसेन, रतलाम में एक-एक मरीज हैं।







