Thursday, May 14, 2026
Latest:
Latestअंतराष्ट्रीयराष्ट्रीय

Corona Alert : दोगुना होने की दर कम नहीं हुई तो बेतहाशा बढेंगे मरीज

लॉकडाउन के चौथे चरण में छूट मिलने के साथ सामान्य जीवन पटरी पर लौटने की उम्मीद है, लेकिन मरीजों की बढ़ती संख्या कुछ और ही इशारा कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर मरीजों की संख्या दोगुनी होने की दर कम नहीं हुई तो अगले कुछ माह में मरीजों की संख्या में बेतहाशा बढोतरी हो सकती है।

वायरस के चलते जब देश में लॉकडाउन लागू हुआ उस वक्त संक्रमित मरीज हर 4.8 दिन में दोगुना हो रहे थे लेकिन फिलहाल इसे 12 दिन तक ले जाने में कामयाबी जरूर मिली है, लेकिन पिछले दो सप्ताह की स्थिति पर गौर करें तो इसी डबलिंग रेट के साथ अगस्त तक मरीजों की संख्या कई गुना हो जाएगी।
एक से सात मई को जब महाराष्ट्र, दिल्ली और गुजरात से हर दिन मरीजों की संख्या बढने लगी तो डबलिंग रेट 10.2 दिन पर आ गया था। चार दिन बाद 11 मई को यह वापस 12 दिन पर आ पहुंचा। मई के इन्हीं शुरूआती दिनों का आकलन करें तो संक्रमण की दर अब करीब 5 फीसदी पहुंच चुकी है।
कामयाबी मिली लेकिन स्थिरता नहीं : चैन्नई के पब्लिक हेल्थ एक्सपर्ट डॉ. विनोद त्यागी बताते हैं कि 24 मार्च को जब पीएम नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन की घोषणा की थी तब देश में डबलिंग रेट 3 से बढ़कर 4.8 दिन पहुंच चुका था। इसके बाद लॉकडाउन का तीसरा चरण अभी चल रहा है।

बीते 11 मई तक यह डबलिंग रेट 12 दिन पर पहुंचा है। यह एक बड़ी कामयाबी है लेकिन अगर इसमें वृद्धि नहीं हुई तो अगले तीन महीने में ही लाखों कोरोना संक्रमित हो चुके होंगे। उन्होंने एम्स निदेशक डॉ. रणदीप गुलेरिया के उस बयान का भी हवाला दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि जून-जुलाई में कोरोना का उच्चतम स्तर देखने को मिलेगा।
अगस्त तक 85 लाख पार कर जाएगी संख्या…
डाटा एक्सपर्ट जेम्स विलसन का कहना है कि वर्तमान स्थिति को आधार मानकर गणितीय आकलन करें तो अगस्त तक दुनिया में 85 लाख कोरोना संक्रमित मरीज मिल सकते हैं। इतना ही नहीं पिछले दो सप्ताह के ग्राफ को आधार मानते हैं तो डबलिंग रेट औसतन 9.7 दिन निकल कर आता है जिसके आधार पर यह कहा जा सकता है कि यह ग्राफ ऐसे ही चला तो मरीजों का आंकडा भयावह स्तर पर पहुंच जाएगा।

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम