कटनी पुलिस की कॉम्बिंग गश्त में 25 स्थाई वारंटी समेत 174 आरोपी गिरफ्तार,91 गिरफ्तारी वारंटी पकड़े, 31 पर आबकारी एक्ट में कार्रवाई; 109 से अधिक गुंडा व निगरानी बदमाशों की हुई चेकिंग

कटनी पुलिस की कॉम्बिंग गश्त में 25 स्थाई वारंटी समेत 174 आरोपी गिरफ्तार,91 गिरफ्तारी वारंटी पकड़े, 31 पर आबकारी एक्ट में कार्रवाई; 109 से अधिक गुंडा व निगरानी बदमाशों की हुई चेकिं
कटनी। अपराधियों की धरपकड़ और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कटनी पुलिस ने विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन में जिलेभर में चलाए गए अभियान के दौरान 25 स्थाई वारंटियों और 91 गिरफ्तारी वारंटियों सहित कुल 174 आरोपियों को पकड़ा गया।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 61 गुंडा बदमाशों और 46 निगरानी बदमाशों के घर पहुंचकर चेकिंग की। इसके अलावा जिला बदर किए गए दो बदमाशों को भी चेक किया गया। रात्रि गश्त के दौरान आने-जाने वाले 29 मुसाफिरों की जांच कर उनका रजिस्टर में इंद्राज किया गया।
अवैध शराब के परिवहन, बिक्री एवं सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन के विरुद्ध 31 प्रकरण आबकारी एक्ट के तहत दर्ज किए गए। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वाले छह वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। जुआ एक्ट के तहत दो प्रकरण भी दर्ज किए गए।
पुलिस ने न्यायालयीन कार्रवाई के तहत 58 जमानती वारंट और 98 समंस भी तामील किए। इसके साथ ही परिशांति भंग करने पर चार आरोपियों के विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 113 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 126, 135 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कॉम्बिंग गश्त का उद्देश्य वारंटियों की धरपकड़, सक्रिय अपराधियों की निगरानी और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।







