Corona को लेकर देश भर के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने जारी की महत्वपूर्ण एडवाइजरी

नई दिल्ली। कोरोना वायरस को लेकर केंद्र सरकार काफी सतर्क नजर आ रही है। केंद्रीय स्वस्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि स्कूल, स्विमिंग पूल, मॉल्स को बंद करने के साथ साथ कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति देने, सार्वजनिक परिवहन का कम इस्तेमाल करने और आपस में एक मीटर की दूरी बनाए रखने जैसे जरूरी उपायों को 31 मार्च तक बनाए रखा जाना चाहिए। मंत्रालय ने यह भी कहा है कि सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल भी कम होना चाहिए ताकि संक्रमण न फैल सके।
लव अग्रवाल ने यह भी बताया कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना वायरस को लेकर नया हेल्पलाइन नंबर 1075 जारी कर दिया है। इसके साथ ही पुराना हेल्पलाइन नंबर 011-23978046 पहले से ही सक्रिय है। उन्होंने यह भी बताया कि ईरान से 53 और भारतीयों का चौथा जत्था भारत पहुंच चुका है। सभी लोगों को जैसलमेर में विशेष निगरानी में रखा गया है। इसके साथ हीदेश में चार नए मामले सामने आए हैं। ओडिशा, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और केरल में एक मामलों की पुष्टि हुई है। आब तक देश में 114 मामलों की पुष्टि हुई है। इनमें से 13 मरीज स्वस्थ्य होकर घर लौट चुके हैं जबकि दो की मौत हुई है।
संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने यह भी कहा गया है कि अब तक जो 114 मरीज सामने आए हैं उनके संपर्क में आने वाले 5,200 से अधिक लोगों की पहचान भी की गई है और उनको भी निगरानी में रखा गया है। इसके साथ ही सरकार ने धार्मिक नेताओं से भी अपील की है कि वे ऐसे आयोजनों से बचें जिनमें बड़ी संख्या में लोग एक जगह जमा होते हों। स्वस्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव ने आगे बताया कि यूएई, कतर, ओमान और कुवैत से आने वाले यात्रियों को 14 दिन के लिए अनिवार्य रूप से अलग रखा जा रहा है। यूरोपीय यूनियन, तुर्की और यूनाइटेड किंगडम के यात्रियों को 18 मार्च से देश में प्रवेश पर पाबंदी लगा दी गई है। आगे इसकी फिर से समीक्षा की जाएगी।








