ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन मजबूत करने कांग्रेस की कवायद तेज

IMG 20260623 WA0059

ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन मजबूत करने कांग्रेस की कवायद ते

कटनी। कांग्रेस पार्टी द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के उद्देश्य से लगातार बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। पार्टी की विचारधारा से प्रभावित लोगों को संगठन से जोड़ते हुए उन्हें विभिन्न दायित्व भी सौंपे जा रहे हैं। साथ ही वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सम्मान कर उनका मनोबल बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

इसी क्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुंवर सौरभ सिंह ने रविवार को विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र में ब्लॉक, मंडलम एवं ग्राम समितियों के गठन को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक ली। विधानसभा मुख्यालय में आयोजित बैठक में संगठन विस्तार और उसे अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए कुंवर सौरभ सिंह ने कहा कि आगामी समय में त्रिस्तरीय पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव होने हैं। ऐसे में संगठन को बूथ और ग्राम स्तर तक मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस की विचारधारा से जोड़ने तथा योग्य कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक दायित्व सौंपने का आह्वान किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेसजनों का सम्मान भी किया गया। बैठक में ब्लॉक, मंडलम एवं ग्राम स्तर पर समितियों के गठन की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए संगठन को मजबूत बनाने की रणनीति तैयार की गई।

वहीं विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कैमोर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा प्रभारी मयंक त्रिपाठी, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष गणेशराव, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नीरज सिंह बघेल, संदीप बाजपेयी, शक्ति तिवारी, संगठन महामंत्री जितेंद्र सिंह, बब्लू खान, श्रीकांत गुप्ता सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।