College School Reopen: अभी दो माह विद्यार्थियों को कॉलेज नहीं जाना पड़ेगा, ऑनलाइन ही लगेंगी कक्षाएं
ऑनलाइन कक्षाएं संचालित कराने की जिम्मेदारी प्रदेशभर के कॉलेज प्राचार्यों को सौंपी गई है। बरकतउल्ला विश्वविद्यालय, भोपाल को विज्ञान, रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर को कला और जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर को वाणिज्य विषय के ऑडियो- वीडियो लेक्चर तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है।
ऑडियो लेक्चर का प्रसारण रेडियो पर किया जाएगा। प्रसारण एक अक्टूबर से 30 नवंबर तक होगा। विभाग जल्द ही इसकी समय- सारिणी जारी करेगा। तीनों विश्वविद्यालयों द्वारा तैयार किए गए वीडियो उच्च शिक्षा विभाग अपने पोर्टल पर अपलोड करेगा। इससे विद्यार्थी पढ़ाई शुरू कर कक्षाओं की भरपाई कर पाएंगे।
ऑनलाइन कक्षाओं को ही मानेंगे उपस्थिति
स्नातक और स्नातकोत्तर में प्रवेश होने के बाद एक अक्टूबर से सत्र शुरू होगा। प्रदेश में बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के कारण विद्यार्थियों को कॉलेज बुलाकर कक्षाएं नहीं लगाई जा सकती हैं, इसलिए इस तरह की ऑनलाइन कक्षाओं की योजना बनाई गई है। सभी निजी और सरकारी कॉलेजों के प्राचार्य सभी विद्यार्थियों की ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित कराएंगे, ताकि विद्यार्थियों का कोर्स समय पर पूरा हो सके।








