लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित आवेदनों पर कलेक्टर सख्त,पंचायत सचिवों पर शास्ति लगाने के निर्देश
लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित आवेदनों पर कलेक्टर सख्त,पंचायत सचिवों पर शास्ति लगाने के निर्दे
कटनी-लोक सेवा गारंटी अधिनियम 2010 के तहत समयसीमा से बाहर लंबित जन्म, मृत्यु और विवाह पंजीयन के 14 मामलों पर कलेक्टर आशीष तिवारी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने संबंधित पंचायत सचिवों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
समीक्षा में ग्राम पंचायत इमलाज, थनौरा, रैपुरा, खिरहनी, निटर्रा, बड़वारा, परसेल, धवैया, बरहटा एवं तिघराकला में आवेदन लंबित पाए गए। कलेक्टर ने जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग को धारा 07 के तहत कार्रवाई करते हुए सात दिवस में प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जिले में 9 से 23 अप्रैल तक मनाया जाएगा पोषण पखवाड़ा
बच्चों के मस्तिष्क विकास पर रहेगा विशेष फोकस
कटनी-जिले में 9 से 23 अप्रैल तक आठवां “पोषण पखवाड़ा” आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष अभियान की थीम जीवन के पहले छह वर्षों में मस्तिष्क विकास रखी गई है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने आयोजन को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं।
अभियान के दौरान मातृ एवं शिशु पोषण, खेल आधारित शिक्षा, स्क्रीन टाइम में कमी, परिवार की भागीदारी और सशक्त आंगनवाड़ी निर्माण पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्वास्थ्य शिविर, पोषण मेला, रैली, प्रतियोगिताएं एवं जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
22 अप्रैल को पंखुड़ी पोर्टल के माध्यम से सामुदायिक सहयोग अभियान तथा 23 अप्रैल को पोषण मेला आयोजित किया जाएगा।
कटनी में दूसरे दिन भी चला सघन वाहन जांच अभियान
9 वाहनों पर कार्रवाई, बसें और ट्रक जब्त
कटनी, 08 अप्रैल। अवैध रूप से संचालित वाहनों के विरुद्ध परिवहन विभाग द्वारा लगातार दूसरे दिन सघन जांच अभियान चलाया गया। अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी संतोष पॉल के नेतृत्व में कटनी–कैमोर रोड पर वाहनों की जांच की गई।
दो दर्जन से अधिक वाहनों की जांच में 9 वाहन नियम उल्लंघन करते पाए गए। बिना परमिट संचालित एक ट्रक तथा दो यात्री बसों को जब्त कर थाना कुठला एवं कैमोर में खड़ा कराया गया। ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों पर भी चालानी कार्रवाई की गई।
‘ई-विकास’ प्रणाली के लिए विकासखंड स्तर पर प्रशिक्षण
उर्वरक वितरण में आएगी पारदर्शिता
कटनी, 08 अप्रैल। किसानों को सुगम खाद वितरण उपलब्ध कराने के लिए जिले में लागू ‘ई-विकास’ प्रणाली के संचालन हेतु विकासखंड स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
8 से 10 अप्रैल तक पंचायत सचिव, पटवारी, पैक्स प्रबंधक एवं डबल लॉक केंद्र प्रभारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 9 अप्रैल को ढीमरखेड़ा और बड़वारा तथा 10 अप्रैल को विजयराघवगढ़ एवं कटनी में प्रशिक्षण होगा।
नई प्रणाली से खाद वितरण ऑनलाइन होगा और कालाबाजारी पर रोक लगेगी।
‘वृंदावन ग्राम’ चयन हेतु खंड स्तरीय बैठक संपन्न
बारन महगवां ग्राम पंचायत का चयन
कटनी, / विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जनपद पंचायत बड़वारा में आयोजित बैठक में ग्राम पंचायत बारन महगवां को ‘वृंदावन ग्राम’ के रूप में चयनित किया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभा टेकाम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में 12 विभागों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। अनुमोदन के बाद प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल मंदिर प्याऊ शुरू
राहगीरों और श्रद्धालुओं को मिलेगा शुद्ध पेयजल
कटनी, 08 अप्रैल। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत ग्राम पटरा स्थित हनुमान मंदिर परिसर में जल मंदिर प्याऊ का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में पूर्व सरपंच सुरेश विश्वकर्मा, पंडित लक्ष्मण प्रसाद द्विवेदी एवं समाजसेवी कल्याण सिंह सहित स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। अभियान के तहत जल संरक्षण एवं जनजागरूकता के संदेश भी दिए गए।
शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक
नामांकन, साइकिल वितरण और आधार अपडेट पर होगी चर्चा
कटनी, / कलेक्टर आशीष तिवारी की अध्यक्षता में 9 अप्रैल को कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित होगी।
बैठक में शत-प्रतिशत नामांकन, पाठ्यपुस्तक एवं साइकिल वितरण, जर्जर भवन, शौचालय व्यवस्था और विद्यार्थियों के आधार अपडेट की समीक्षा की जाएगी।
जिले को मिली 430 मीट्रिक टन नीम कोटेड यूरिया
किसानों को पर्याप्त खाद उपलब्ध कराने के निर्देश
कटनी, । रबी फसलों के लिए जिले को झुकेही रैक प्वाइंट से 430 मीट्रिक टन नीम कोटेड यूरिया प्राप्त हुई है। कलेक्टर आशीष तिवारी ने खाद वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।
उर्वरक का आवंटन विभिन्न डबल लॉक केंद्रों एवं जिला सहकारी केंद्रीय बैंक को किया गया है। किसानों की शिकायतों के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम के नंबर 07622-220070 एवं 07622-220071 जारी किए गए हैं।








