सिंहस्थ के विकास के लिए सीएम मोहन यादव ने अपने पुश्तैनी मकान पर चलाई गेंती

सिंहस्थ के विकास के लिए सीएम मोहन यादव ने अपने पुश्तैनी मकान पर चलाई गेंती
उज्जैन में इन दिनों सिंहस्थ महापर्व-2028 की तैयारियां परवान चढ़ रही हैं. 27/09/2026 यानी रविवार को एक ऐतिहासिक पल आया जब मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपनी तमाम व्यस्तताओं से समय निकालकर अपने ही आशियाने पर गेंती चला दी.
मोहन यादव इस दौरान इसलिए भावुक हो गए कि उनकी ही तरह हजारों उज्जैनवासियों ने अपने-अपने घरोंदों को कुर्बान किया है.
आज दरअसल खजूरवाली मस्जिद से लेकर अब्दालपुरा होकर जीवाजीगंज थाना होते हुए ठेठ गणेश चौक तक का पुराने शहर का मार्ग चौड़ीकृत किया जा रहा है. कोई पौन किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 272 मकान, दुकान और धार्मिक स्थल अवस्थित हैं.
अब्दालपुरा स्थित जिस पैतृक मकान में मोहन यादव के जीवन का बड़ा हिस्सा गुजरा है, स्वाभाविक तौर पर जब उस आशियाने के एक भाग को हटाने की प्रक्रिया शुरू हुई, तो उसने सबका ध्यान खींचा. ये एक सच्चाई है कि यादव परिवार के इस पुश्तैनी ठिकाने से मोहन यादव का अपने खुद का करियर भी जुड़ा है. आज वो जिस मक़ाम पर हैं, उस तक पहुंचने का रास्ता अब्दालपुरा से ही निकला है.
निश्चित ही, बरसों और सदियों से स्थित मकानों, दुकानों और धार्मिक स्थलों को आंशिक अथवा पूर्णतः हटाने की प्रक्रिया बहुत जटिल और कष्टकारी होती है. इस लिहाज से उज्जैन के बाशिंदों ने बहुत दिलेरी दिखाई है. सिंहस्थ महापर्व की मेजबानी को आतुर इन प्रभावित लोगों के जज़्बे को सलाम किया जाना चाहिए.








