स्वच्छता और नशामुक्ति का संकल्प लेकर मनाई गांधी-शास्त्री जयंती ,एनएसएस स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया नशामुक्त समाज का संदेश
स्वच्छता और नशामुक्ति का संकल्प लेकर मनाई गांधी-शास्त्री जयंती
एनएसएस स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया नशामुक्त समाज का संदे
कटनी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय कटनी में 2 अक्टूबर को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वच्छता एवं प्लास्टिक मुक्त भारत तथा नशामुक्त भारत अभियान के तहत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री पंडित लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई।
कार्यक्रम का आयोजन जिला संगठक डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह, एनएसएस महिला इकाई कार्यक्रम अधिकारी डॉ. माधुरी गर्ग, एनसीसी अधिकारी डॉ. सरदार दिवाकर एवं एनएसएस पुरुष इकाई कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सागर पटेल के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महाविद्यालय परिसर की साफ-सफाई से हुई। इसके बाद महात्मा गांधी, पंडित लाल बहादुर शास्त्री, लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया।
इस अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवकों ने नशामुक्त भारत की थीम पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दूसरे चरण में महात्मा गांधी एवं पंडित लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से संबंधित वृत्तचित्र दिखाए गए। विद्यार्थियों ने दांडी मार्च से संबंधित वृत्तचित्र भी देखा।
डॉ. माधुरी गर्ग ने कहा कि गांधीजी ने स्वच्छता और नशामुक्ति का संदेश दिया, वहीं शास्त्रीजी ने ‘जय जवान, जय किसान’ के माध्यम से देश की मजबूती और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। डॉ. सरदार दिवाकर ने महात्मा गांधी की दांडी यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. रुक्मणी प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों से दोनों महापुरुषों के विचारों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
संगोष्ठी में लक्ष्मी रैदास, दीपेश कुमार यादव, सुमित कुमार, सोनल, साहिल रजक एवं प्रिया चौधरी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में एनएसएस एवं एनसीसी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। अंत में डॉ. सागर पटेल ने आभार व्यक्त किया।







