Cabinet Meeting In jabalpur: मध्यप्रदेश सीएम मोहन यादव की पहली कैबिनेट मीटिंग जबलपुर के शक्ति भवन में

Cabinet Meeting In jabalpur: मध्यप्रदेश सीएम मोहन यादव की पहली कैबिनेट मीटिंग जबलपुर के शक्ति भवन में होगी। बुधवार को साइबर तहसील का प्रस्तुतीकरण होगा । मोहन कैबिनेट की पहली औपचारिक बैठक बुधवार को जबलपुर के शक्ति भवन में होगी। इसमें साइबर तहसील व्यवस्था को लेकर राजस्व विभाग प्रस्तुतीकरण करेगा। यह व्यवस्था पूरे प्रदेश में लागू की जानी है। इसमें रजिस्ट्री के साथ ही नामांतरण भी हो जाएगा, जिससे आमजन को राजस्व कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। इसके साथ ही जबलपुर संभाग की कानून व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा भी होगी।
तेंदूपत्ता श्रमिकों का पारिश्रमिक
जन आभार यात्रा के साथ गैरिसन मैदान में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन और कार्यकर्ताओं से चर्चा भी होगी। जानकारी के अनुसार कैबिनेट में तेंदूपत्ता श्रमिकों का पारिश्रमिक तीन हजार रुपये से बढ़ाकर चार हजार रुपये प्रति मानक बोरा किए जाने और राज्यपाल मंगुभाई पटेल के अभिभाषण का अनुसमर्थन किया जाएगा। अपर मुख्य सचिव का एक पद फरवरी तक निरंतर रखने और विभागीय जांच से जुड़े कुछ प्रस्ताव भी निर्णय के लिए रखे जाएंगे।
सायबर तहसील व्यवस्था को पूरे प्रदेश में लागू करने का निर्णय
प्रदेश में राजस्व प्रशासन में सुधार के लिए लागू की जा रही सायबर तहसील व्यवस्था को लेकर प्रस्तुतीकरण होगा। सरकार ने आमजन की सुविधा के लिए सायबर तहसील व्यवस्था को पूरे प्रदेश में लागू करने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर 27 मई 2022 को दतिया एवं सीहोर दो जिले में की गई थी। इसके बाद इंदौर, हरदा, डिंडौरी, सागर, आगर मालवा, बैतूल, उमरिया, श्योपुर, विदिशा एवं ग्वालियर जिले में प्रभावशील की गई।
वीरागंना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण
बैठक में विकसित भारत संकल्प यात्रा का प्रस्तुतीकरण भी किया जाएगा। कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री वीरागंना रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। इसके बाद कानून व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर संभागीय समीक्षा बैठक होगी। जन आभार यात्रा और फिर गैरिसन मैदान में विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन और कार्यकर्ताओं से चर्चा होगी। बैठक में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री मंगलवार शाम को ही जबलपुर जाने वाले थे, लेकिन वे अब बुधवार सुबह ही पहुंचेंगे।