Saturday, May 16, 2026
Latest:
katniLatestमध्यप्रदेश

ट्रांसपोर्ट कारोबारी पर चाकू से जानलेवा हमला, लूट की कोशिश कर रहे बदमाशों ने पीठ पर किया वार

ट्रांसपोर्ट कारोबारी पर चाकू से जानलेवा हमला, लूट की कोशिश कर रहे बदमाशों ने पीठ पर किया वार 

कटनी(YASHBHARAT.COM)। कुठला थाना अंतर्गत इंद्रानगर के पास आज शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात बदमाशों ने डीलक्स ट्रांसपोर्ट के संचालक दीपक द्विवेदी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना उस वक्त हुई जब ट्रांसपोर्ट व्यवसायी अपने खेत से घर लौट रहे थे। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ट्रांसपोर्ट कारोबारी दीपक द्विवेदी अपनी मोटरसाइकिल में खेत से वापस घर की ओर जा रहे थे। शाम करीब सवा 6 बजे इंद्रा नगर के पास अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और रुपयों की मांग करने लगे। जब दीपक ने पैसे देने से इनकार किया, तो बदमाशों ने उन पर पीछे से हमला कर दिया। बदमाशों ने उनकी पीठ पर चाकू से कई वार किए और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।बदमाशों के हमले में बुरी तरह घायल और लहुलुहान होने के बावजूद दीपक द्विवेदी ने हिम्मत नहीं हारी और खुद ही एमजीएम हॉस्पिटल पहुँचे। अस्पताल प्रबंधन द्वारा सूचना मिलने के बाद पुलिस बल भी मौके पर पहुँचा। कुठला पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हुलिए के आधार पर अज्ञात बदमाशों की तलाश की जा रही है। इस घटना के बाद से क्षेत्र के व्यापारियों और नागरिकों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है।

Vivek Shukla

28 वर्ष से पत्रकारिता, क्राइम रिपोर्टर के रूप में लंबा अनुभव डिजिटल मीडिया में सक्रिय, खबरों का फॉलोअप तथा उसकी तह तक जाना वर्तमान में यशभारत डॉट कॉम में उप संपादक