Site icon Yashbharat.com

CAB: यहां रेलवे स्टेशन को फूंका, PM मोदी से सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग

fire railway 2

बेल्दांगा (बंगाल)। Citizenship Amendment Bill : संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में शुक्रवार को बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में हजारों लोगों की भीड़ ने बेल्दांगा रेलवे स्टेशन को आग लगा दी तथा वहां तैनात आरपीएफ जवानों की पिटाई की। जिला पुलिस के सूत्रों ने बताया कि जिले में कई अल्पसंख्यक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था। प्रदर्शनकारी अचानक ही रेलवे स्टेशन परिसर में घुस आए और प्लेटफॉर्म नंबर दो-तीन तथा रेलवे के दफ्तरों में आग लगा दी। आरपीएफ जवानों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो प्रदर्शनकारियों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी। इस घटना के कारण रेल यहां रेल सेवाएं बाधित हुईं। मालूम हो कि मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिला बांग्लादेश की सीमा से लगता है।

पूर्वोत्तर के हालात पर PM मोदी से सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग

संशोधित नागरिकता कानून के विरोध में असम समेत अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में चल रहे हिंसक आंदोलन से क्षेत्र में बिगड़ रहे हालात के मद्देनजर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता आनंद शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से तत्काल सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है।

शुक्रवार को राज्यसभा में शून्यकाल के दौरान शर्मा ने कहा कि नए कानून की वजह से बांग्लादेश समेत अन्य देशों से भारत के संबंधों पर पड़ने वाले असर को लेकर भी सर्वदलीय बैठक बुलाई जानी चाहिए। इस पर सभापति एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि किसी देश का नाम नहीं लिया जाना चाहिए।

लेकिन शर्मा का कहना था कि हमारे पड़ोसी देशों में इस पर प्रतिक्रिया हुई है और ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर राज्यों खासकर असम, त्रिपुरा, मेघालय और यहां तक कि मणिपुर में भी अशांति है। इन राज्यों की सीमाएं चीन, बांग्लादेश तथा भूटान से लगती हैं, इस वजह से ये देश के ‘बहुत ही संवेदनशील” हिस्से हैं।

Exit mobile version