पन्ना में भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा की गाड़ी पर हमला, अज्ञात बदमाशों ने पथराव कर फोड़े शीशे
पन्ना: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। भाजपा के जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा के निवास के बाहर खड़ी उनकी कार पर देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने पथराव कर भारी तोड़फोड़ की है। यह वारदात 12-13 अक्टूबर की दरमियानी रात की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा ने रात में अपनी कार (MP 35 ZC 1673) को घर के सामने पार्क किया था। देर रात अज्ञात बदमाशों ने गाड़ी को निशाना बनाते हुए उस पर बड़े-बड़े पत्थर बरसा दिए, जिससे कार के कांच पूरी तरह चकनाचूर हो गए।
पुलिस बल मौके पर, जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही नगर निरीक्षक (TI) कोतवाली पन्ना, रोहित मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। पुलिस की टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं।
फिलहाल, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात आरोपियों की पहचान व तलाश में जुट गई है। सत्ताधारी दल के जिलाध्यक्ष की गाड़ी पर इस तरह हमले से शहर में सनसनी फैल गई है।













