शेर चौक में चाकूबाजी का आरोपी गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त बटनदार चाकू बरामद,गाड़ी लहराकर चलाने से मना करने पर युवक पर किया था हमला, दूसरा आरोपी फरा
कटनी। शहर के शेर चौक में सड़क पर लापरवाहीपूर्वक स्कूटी चलाने से मना करने पर एक युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बटनदार चाकू भी बरामद किया है। घटना में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना 11 अक्टूबर की है। कुशवाहा नगर निवासी संतोष साहू (28) साइकिल से अपने घर जा रहा था। शेर चौक स्थित मनीष मेडिकल स्टोर से दवा लेने के बाद जब वह सनमुख दास दवाखाना के पास पहुंचा, तभी स्कूटी सवार दो युवक सड़क पर लापरवाहीपूर्वक वाहन लहराते हुए निकले। संतोष ने उन्हें सावधानी से वाहन चलाने की समझाइश दी। इसी बात को लेकर दोनों युवक विवाद करने लगे और गाली-गलौज करने लगे।
विरोध करने पर आरोपियों अमन वर्मा और अंश समुन्द्रे ने चाकू निकालकर संतोष पर हमला कर दिया। अमन ने गर्दन पर वार करने का प्रयास किया, लेकिन संतोष के हटने से चाकू उसके कंधे और गर्दन के बीच लगा। इसके बाद उसकी पीठ पर भी चाकू से वार किया गया। आसपास मौजूद लोगों के बीच-बचाव करने पर दोनों आरोपी मौके से भाग निकले। घायल संतोष को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया।
घटना के चंद घंटों में गिरफ्तारी
घायल की शिकायत पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 1063/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की गई। पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर अमन वर्मा (19), निवासी शिवनगर, कटनी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बटनदार चाकू बरामद किया गया है।
वहीं, दूसरा आरोपी अंश समुन्द्रे, निवासी नदीपार, कटनी, घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में की गई। आरोपी की गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, सहायक उपनिरीक्षक प्रहलाद पैकरा तथा आरक्षक मंसूर हुसैन, अजीत सिंह, मोहन मंडलोई, दिनेश सेन, दीपक तिवारी और रोहित राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।










