समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त ने की शासकीय योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा, चार दरोगाओं सहित हाका गैंग प्रभारी एवं नामांतरण लिपिक को नोटिस जारी करने के निर्देश, वैध मैरिज गार्डन, अवैध निर्माण एवं अवैध कॉलोनी पर कार्यवाही का रोस्टर करें तैयार – निगमायुक्
कटनी – निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित समय-सीमा की बैठक में लंबित प्रकरणों और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने विभागीय अधिकारियों को अपने अधीनस्थ अमले के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग कर लंबित प्रकरणों पर समयबद्ध और गंभीरता से कार्यवाही के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने टीएल प्रकरणों, बजट प्लानिंग, लंबित सीएम हेल्पलाइन एवं न्यायालयीन प्रकरणों, हितग्राही मूलक योजनाओं सहित विभागीय कार्यो की समीक्षा कर बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने की हिदायत दी। बैठक के दौरान उपायुक्त प्रियंका झारिया, कार्यपालन यंत्री अंशुमान सिंह, सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक सहित सभी शाखा प्रमुख एवं लिपिक मौजूद रहे।
*स्वच्छता व्यवस्था पर लापरवाही पर जारी करें नोटिस*
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान नगर की समुचित सफाई व्यवस्था सहित सार्वजनिक मार्गो के घुमंतू मवेशियों के विचरण पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही तथा डेयरी विस्थापन की कार्यवाही में लापरवाही करने बरतने पर निगमायुक्त ने गहन नाराजगी व्यक्त करते हुए जहां स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय सोनी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। वहीं स्वच्छता मित्रों की कम उपस्थिति पर वार्ड क्रमांक 18,19 20, 21 एवं 35 के दरोगाओं रतन परिहार नरेन्द्र सोनखरे, गौरव तिवारी एवं जितेन्द्र मलिक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। निगमायुक्त ने नवरात्रि पर्व के दौरान मंदिरों धार्मिक स्थलों एवं प्रतिमा पंडालों के आसपास पर्याप्त साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित घुमंतू मवेशियों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने पर्व के दौरान पंडालों के आसपास विशेष स्वच्छता जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने, प्रत्येक पंडाल में डस्टबिन रखवाने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रसाद वितरण एवं भंडारे के दौरान कागज से निर्मित डिस्पोजल सामग्री के उपयोग को प्रोत्साहित करने हेतु दुर्गा समितियों के पदाधिकारियों से संपर्क एवं समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध हो सके।
*राजस्व विभाग निगम की रीढ़*
राजस्व वसूली की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने कहा कि राजस्व विभाग नगर निगम की रीढ़ है और नगर का समुचित विकास निगम की राजस्व आय पर निर्भर करता है। अतः राजस्व अमला निर्धारित दैनिक वसूली लक्ष्य के अनुरूप कार्य करना सुनिश्चित करे। उन्होंने बड़े बकायादारों की सूची अनुसार नियमित संपर्क अभियान चलानें, शत प्रतिशत डिमांड नोटिस का वितरण करने, वसूली कार्य में तेजी तथा आपसी समन्वय के साथ शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि राजस्व संग्रहण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। नामांतरण प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा के दौरान प्रकरणों के ऑनलाइन निराकरण में आ रही दिक्कतों की समीक्षा के दौरान नामांतरण लिपिक संजय पाठक द्वारा कार्य में लापरवाही पाए जाने पर निगमायुक्त ने अंतिम चेतावनी देते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
*रोस्टर तैयार कर करें कार्यवाही*
नगर में अवैध मैरिज गार्डनों के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा भवन अनुज्ञा के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए। निगमायुक्त ने बिना अनुमति एवं स्वीकृत अनुमति के विपरीत किए गए निर्माणों को चिह्नित करनें के उपरांता रोस्टर के अनुसार कंपाउंडिंग एवं नोटिस जारी करने की कार्रवाई करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित निर्माणों को तोड़ने की कार्रवाई प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पोर्टल पर उपयंत्रीवार लंबित भवन अनुज्ञा प्रकरणों की समीक्षा करते हुए फाइलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि निर्माण संबंधी प्रकरणों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो और नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित किया जा सके।
*महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर समय सीमा से हो कार्यवाही*
नगर के समुचित विकास हेतु निगम के महत्पूर्ण प्रोजेक्ट, प्रियदर्शनी बस स्टैंड, सराय काम्पलेक्स, गोल बाजार, सब्जी मंडी, मीट मार्केट, डेयरी प्रोजेक्ट, हाकर्स जोन, खिरहनी मार्केट एवं अन्य बड़ी योजनाओं हेतु भूमि आवंटन की कार्यवाही, निविदा आमंत्रण, दर स्वीकृति, अनुबंध निष्पादन एवं कार्य प्रारंभ तिथि अदि का निर्धिारित समयसीमा में क्रियान्वयन करते हुए निर्धारित टाईमलिमिट में आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इस दौरान निगमायुक्त ने वार्डवार छोटे छोटे हॉकर्स जोन तैयार करनें के निर्देश अधिकारियों को दिए।
*हितग्राहियों को समय पर मिले आवास योजना का लाभ*
प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 एवं 2.0 के तहत पूर्ण, प्रगतिरत एवं अपूर्ण भवनों की समीक्षा, बीएलसी घटक के तहत कुल प्राप्त एवं परीक्षण हेतु लंबित आवेदनों, प्रथम एवं द्वितीय किश्तों का भुगतान, आधिपत्य की स्थिति, हितग्राहियों द्वारा जमा की गई राशि तथा नवीन डीपीआर आदि की समीक्षा कर योजना के क्रियान्वयन में प्रगति लाते हुए पात्र परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराने के साथ ही योजना की पहुंच को अधिक व्यापक बनाने पर विशेष जोर दिया।
*पीएम स्वनिधि योजना का साप्ताहिक लक्ष्य करें पूर्ण*
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की समीक्षा के दौरान निगमायुक्त ने कम प्रगति पर गहन नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्धारित लक्ष्य समय-सीमा में पूरा करने के कड़े निर्देश प्रभारी यश रजक को दिए। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर आत्मनिर्भर बनाकर व्यवसाय को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग प्रदान करना है। इसके लिए साप्ताहिक लक्ष्य के अनुरूप ऋण आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें ताकि कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे। इस दौरान निगमायुक्त ने स्वनिधि से समृद्धि एवं क्रेडिट कार्ड के प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त द्वारा बैठक के दौरान निगम के विभिन्न कार्यों, रिकॉर्ड डिजिटलाइजेशन, महापौर जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर लंबित आवेदनों पर समय-सीमा में आवेदनों पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। जलप्रदाय शाखा द्वारा नागरिकों को प्रदाय की जाने वाली देनिक जलापूर्ति, स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित जागरूकता गतिविधियों, संबल योजना के लंबित प्रकरणों, आईएचएसडीपी भवनों के आवंटन की कार्यवाही शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान कटाएघाट मेले के आयोजन की समीक्षा कर झूलों सहित अन्य मनोरंजक गतिविधियों के आयोजन, वाहन स्टैंड हेतु संबंधितों से संपर्क कर व्यवस्थित एवं भव्य आयोजन हेतु टेंडर आदि की प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस दौरान निगमायुक्त ने नदियों के सीमांकन पश्चात पत्थर लगाने की कार्यवाही शीघ्र प्रारंभ करानें, निगम के डायरेक्शन बोर्ड पर प्राइवेट बैनर पोस्टर लगाने वालों पर एफआईआर की कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए। बैठक के दौरान सभी सहायक यंत्री उपयंत्री, सहायक राजस्व अधिकारी, स्वास्थ्य अधिकारी सहित शाखा प्रमुखों की मौजूदगी रही।











