Sunday, May 17, 2026
Latest:
Entertainmentमनोरंजन

Birthday मनाने के चक्‍कर में कंगना रनौत भूलीं कोरोना वायरस, अब हो रही हैं Troll

कोरोना वायरस (Corona Virus) को फैलने से रोकने के लिए सरकार, पुलिस, चिकित्‍सा से जुड़े लोग दिन रात काम कर रहे हैं. देश पर आए इस भयंकर संकट में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) भी लोगों को संयम बरतने और घरों में रहने की सलाह दे चुके हैं. इतने प्रयासों के बीच भी 500 से ज्‍यादा लोग इस वायरस की चपेट में आ चुके हैं. लेकिन लगता है अपना 33वां जन्‍मदिन मनाने के चक्‍कर में बॉलीवुड एक्‍ट्रेस कंगना रनौत (Kangana Ranaut) सबकुछ भूल गईं. कंगना रनौत ने मनाली में अपना जन्‍मदिन मनाया और इस जन्‍मदिन की कुछ ताजा तस्‍वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं. इन तस्‍वीरों के सामने आते ही कंगना अब सोशल मीडिया पर लोगों के तीखे कमेंट्स का निशाना बन गई हैं.

कंगना ने सोमवार को अपना 33वां जन्‍मदिन मनाया. अपने जन्‍मदिन पर कंगना ने एक पूजा का आयोजन भी किया जहां वह कुछ कन्‍याओं को पूजती हुई नजर आईं. इसके अलावा उनके जन्मदिन की कुछ और तस्‍वीरें सामने आई हैं, जिनमें कंगना अपने दोस्‍तों और परिवार की भीड़ के बीच नजर आ रही हैं.

कोरोना वायरस को रोकने से बचाने के लिए लोगों से ‘सोशल डिस्‍टेंसिंग’ यानी सामाजिक दूरी बनाए जाने की अपील की जा रही है. इस दौरान देश के कई हिस्‍सों में लॉकडाउन कर दिया गया है ताकि लोग घरों से बाहर न निकलें. साथ ही महाराष्‍ट्र में, जहां इस बीमारी के सबसे ज्‍यादा मामले सामने आए हैं, कर्फ्यू भी लगा दिया गया है लेकिन लॉकडाउन होने के बाद भी कंगना अपने परिवार के साथ कई लोगों के बीच पार्टी करती द‍िख रही हैं. इसी को लेकर कई लोग उन्‍हें ट्रोल भी कर रहे हैं.

बता दें कि भारत में कोरोना वायरस (Coronvirus) के मामलों की संख्या 511 हो गई है. 3 नए मामले सामने आने के बाद महाराष्ट्र में कोरोना के मरीजों की संख्या 101 हो गई है. वहीं, मुंबई में एक और संक्रमित की मौत हो गई है. ऐसे में देश में अब तक 10 लोगों की इस वायरस से जान जा चुकी है. केंद्र सरकार और सभी राज्यों ने कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई तेज कर दी है. ज्यादातर राज्यों में लॉकडाउन किया गया है, लोगों को घर से बाहर नहीं निकलने की सख्त हिदायत दी गई है. वहीं, पंजाब और महाराष्ट्र सरकार ने पूरी तरह से कर्फ्यू लगा दिया है.

Ashutosh shukla

30 वर्षों से निरन्तर सकारात्मक पत्रकारिता, संपादक यशभारत डॉट काम