Bihar: बाढ़ से और बिगड़े हालात, 47 की मौत, पंजाब में टूटा रिकार्ड, असम में त्राहिमाम , तस्वीरों में Flooding
नई दिल्ली। Flood in many parts of India देश में बाढ़ से हालात और बिगड़ते जा रहे हैं। खासकर उत्तर और पूर्वोत्तर भारत में स्थितियां काबू से बाहर होती जा रही हैं। बिहार में बाढ़ और जलजनित हादसों में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 47 हो गया है। वहीं पंजाब में मंगलवार को बारिश का तीस साल का रिकार्ड टूट गया।

असम में भी बाढ़ की स्थिति बिगड़ती जा रही है। असम के 33 में से 30 जिले बाढ़ से प्रभावित हैं। मिजोरम में भी बाढ़ की स्थिति काफी खराब है। राहुल गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से असम, उत्तर प्रदेश, त्रिपुरा और मिजोरम में बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य करने को कहा है।

एनडीआरएफ की 19 टीमें भेजने के निर्देश
बिहार में सीतामढ़ी, दरभंगा, मधुबनी, बेतिया में कई तटबंध टूटने से पानी कई नए इलाकों में घुस गया है। कटिहार में महानंदा उफान पर है। केंद्रीय गृहराज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्य में एनडीआरएफ की 19 टीमें भेजने का निर्देश दिया है।

बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इस संबंध में अधिकारियों से बात की है और जरूरी दिशा निर्देश दिए हैं। बिहार में बाढ़ से करीब 25 लाख लोग प्रभावित हैं। सीतामढ़ी जिले में बागमती, लखनदेई, लाल बकेया और अधवारा समूह की नदियों का कहर जारी है। लोग हाईवे, प्रमुख सड़क, स्कूल और रेलवे पटरी पर तंबू लगा कर रह रहे हैं।

