West Bengal 4th Phase Polling LIVE: उपद्रवियों ने की राइफल छीनने की कोशिश तो CISF ने चलाईं गोलियां, 4 TMC कार्यकर्ताओं की मौत, सीतलकूची में चुनाव रद्द

कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनाव के चौथे चरण में कई जगहों से हिंसा की खबर आ रही है। कूचबिहार जिला के अंतर्गत शीतलकूची विधानसभा क्षेत्र में तनाव का माहोल बना हुआ है। यहां बूथ 125 पर भाजपा -तृणमूल समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हुई। केंद्रीय वाहिनी ने भीड़ पर लाठीचार्ज किया। आरोप है कि केंद्रीय वाहिनी की गोली से चार तृणमूल समर्थक की घटनास्थल पर मौत हो गई। इस बीच चुनाव आयोग ने यहां मतदान स्थगित करने का आदेश दिया। आयोग ने विशेष पर्यवेक्षकों की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर यह आदेश दिया। आज शाम 5 बजे तक उनसे और मुख्य चुनाव अधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। तृणमूल कांग्रेस का पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल आज कोलकाता में चुनाव आयोग से मिलने वाला है।

बता दें कि राज्य की पांच जिलों हावड़ा, दक्षिण 24 परगना, हुगली,कूचबिहार और अलीपुरद्वार की कुल 44 सीटों पर मतदान हो रहे हैं। चौथे चरण में कुल 15,940 पोलिंग बूथों पर मतदान हुआ। मतदान सुबह सात बजे से शाम साढ़े छह बजे तक होगा। चौथे चरण में कुल 373 प्रत्याशी मैदान में हैं और 1,15,81,022 मतदाता उनकी सियासी किस्मत का फैसला करेंगे। इनमें 58,82,514 पुरूष व 56,98,218 महिला मतदाता हैं। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 290 है।

LIVE Updates

लॉकेट चटर्जी की गाड़ी पर हमला

हुगली से भाजपा सांसद व चुंचुरा से पार्टी प्रत्याशी लॉकेट चटर्जी की गाड़ी पर हमला किया गया है। लॉकेट का आरोप है कि उनकी गाड़ी पर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने पथराव किया। इसमें उनकी गाड़ी का शीशा टूट गया है। मीडिया की गाड़ियों पर भी हमले की खबर है। लॉकेट चटर्जी ने कहा कि गाड़ी को तोड़ा, मुझे मारने की कोशिश की। मैंने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की है। पुलिस ने कुछ नहीं किया। पुलिस को सब मालूम है।

Exit mobile version