रायपुर में भोपाल से आया प्रतिबंधित पनीर पकड़ाया; शिवराज के बेटे की कंपनी से जुड़ाव की चर्चा, जांच जारी
अमरकंटक एक्सप्रेस से लाया जा रहा 500 किलो 'प्रतिबंधित एनालॉग पनीर' जब्त; भोपाल से रायपुर पहुंची थी खेप
रायपुर में भोपाल से आया प्रतिबंधित पनीर पकड़ाया; शिवराज के बेटे की कंपनी से जुड़ाव की चर्चा, जांच जारी
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन और आरपीएफ (RPF) की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। भोपाल से आ रही अमरकंटक एक्सप्रेस से करीब 500 किलोग्राम प्रतिबंधित एनालॉग पनीर की बड़ी खेप जब्त की गई है।
यह नकली या एनालॉग पनीर 10 बड़े डिब्बों में भरकर रायपुर लाया गया था। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला (Lab) भेज दिए हैं।
शिवराज सिंह चौहान के बेटे की कंपनी का होने की चर्चा; पुष्टि होना बाकी
प्रारंभिक रिपोर्टों और चर्चाओं के अनुसार, जब्त किया गया यह पनीर केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे कार्तिकेय सिंह चौहान की कंपनी ‘सुधामृत’ (Sudhamrit) का बताया जा रहा है। हालांकि, खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट और बिलों के सत्यापन के बाद ही इसकी आधिकारिक पुष्टि हो पाएगी।
होटल और ढाबों में होनी थी सप्लाई
शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस 500 किलो एनालॉग पनीर की खेप को रायपुर शहर के विभिन्न होटलों, ढाबों और स्ट्रीट फूड स्टॉल्स पर सप्लाई किया जाना था। खाद्य विभाग अब इस बात की गहनता से पड़ताल कर रहा है कि:
-
रायपुर में यह माल किस स्थानीय व्यापारी या सप्लायर ने मंगवाया था?
-
इसकी डिलीवरी किन-किन रेस्टोरेंट्स और ढाबों में की जानी थी?
राज्य में 1 वर्ष के लिए प्रतिबंधित है ‘एनालॉग पनीर’
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ सरकार ने हाल ही में (इसी माह की शुरुआत में) स्वास्थ्यगत कारणों और मिलावटखोरी पर रोक लगाने के उद्देश्य से एनालॉग पनीर की बिक्री, भंडारण और परिवहन पर 1 वर्ष के लिए पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। इसके बावजूद दूसरे राज्यों से ट्रेनों के जरिए इसे खपाने की कोशिश की जा रही है। बता दें कि कुछ दिन पहले भी रायपुर स्टेशन पर इसी तरह की एक बड़ी कार्रवाई की गई थी।








