समूह की महिलाओं को लोन दिलाने का झांसा देकर सहायक ब्लाक मैनेजर और 3 कर्मचारी हड़प गए 6 लाख, गणेश आजीविका स्वयं सहायता समूह ग्राम खम्हरिया की महिलाएं हुई शिकार, एनआरएलएम ढीमरखेड़ा का मामला

कटनी। आजीविका मिशन ढीमरखेड़ा में पदस्थ सहायक ब्लाक मैनेजर एवं तीन अन्य कर्मचारियों के द्वारा समूह की महिलाओं को लोन दिलाने का झांसा देकर 6 लाख रूपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिलाओं के द्वारा इस संबंध में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर कठोर कार्यवाही की मांग की गई है। पीड़ित महिलाओं को ठगी की जानकारी तब लगी जब वो लाड़ली बहना का पैसा निकालने के लिये सेंट्रल बैंक शाखा सिलौड़ी पहुंची, तब बैंक कर्मचारियों के द्वारा बताया गया कि आपका 6 लाख रूपये का लोन है। पहले लोन चुकाना पड़ेगा तब ही आपको राशि दी जायेगी। लोन नहीं चुकाने की स्थिति में आप लोगों के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई अलग-अलग शिकायत में पीड़ित ग्राम खम्हरिया(गौरा) निवासी रजनी बागरी व वैजयंती बर्मन ने बताया कि उनका एक समूह श्री गणेश आजी स्वयं सहा. के नाम से है। जिसका खाता क्रमांक-3855439884 है एवं ग्राम स्तरीय महा गौरी अजी. ग्राम संगठन खाता क्रमांक-3862715654 में अध्यक्ष एवं सचिव पद पर नियुक्त है। पीड़ित ने बताया कि हमारे श्री गणेश आजी सो सहा समूह एवं महागौरी आजी ग्राम संगठन समूह की बैंकिंग सभी लिखा पढ़ी है। सौंपी गई शिकायत में बताया गया कि हमारे समूहों के दस्तावेज, सील, चैक बुक सहायक ब्लाक मैनेजर सुधीर कुमार, लक्ष्मी बागरी, विजय सिंह ठाकुर एवं पूजा के द्वारा रखा जाता था और बैंक की कार्यवाही भी इन्हीें लोगों के द्वारा की जाती थी। इनके द्वारा समूह की महिलाओं को जानकारी दिये बिना वर्ष 2020 से वर्ष 2024 तक में सेंट्रल बैंक शाखा सिलौड़ी से 06 लाख रुपए का लोन स्वीकृत कराया गया लेकिन समूह की महिलाओं की जानकारी में आये बिना ही इन लोगों के द्वारा राशि दूसरे समूह में स्थानांतरित कर आहरित कर ली गई। कुछ समय उपरांत अध्यक्ष/सचिव के व्यक्तिगत बैंक बचत खाते से बैंक से लिए गए लोन की किस्त राशि काटी गई। तब हम लोगों ने बैंक मैनेजर से जानकारी ली, तब बैंक मैनेजर ने बताया कि आपके समूह से तीसरा 06 लाख का लोन निकला है।

फर्जी हस्ताक्षर बनाकर राशि कर ली आहरित

ठगी का शिकार हुई महिलाओं ने बताया कि जब हमको इस संबंध में जानकारी लगी तब हमारे द्वारा बैंक से लोन की जानकारी मिलते ही समूह के बचत खाते का स्टेटमेंट निकलवाया तब हम लोगों को पता चला की हमारे समूह के खाते से लोन लेकर दूसरे खाते में राशि को लोन की राशि को आहरण किया गया है। पीड़िताओं के समूह से महागौरी अजी ग्राम संगठन सेंटल बैंक सिलोडी खाता क्रमांक-3862715654 में राशि आहरित की गई है। महागौरी समूह के बैंक दस्तावेज चेक बुक रजिस्टर सील उपरोक्त चारों व्यक्तियों के पास है। शासन के द्वारा दी गई राशि को संगठन की बिना जानकारी के फर्जी हस्ताक्षर कर व्यक्तिगत खातों में ट्रांसफर कर राशि आहरण करते हुये हम लोगों को आर्थिक क्षति कारित की गई है।

मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग

ठगी का शिकार हुई महिलाओं के द्वारा पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टर कको शिकायत सौंपकर पीडा बताई है। वहीं महिलाओं पर 6 लाख का लोन भी बकाया है जिस कारण शासन के द्वारा दी जाने वाली लाड़ली बहना की राशि भी बैंक के द्वारा काटी जा रही है, जिससे समूह की महिलाओं अत्याधिक प्रताड़ित हो चुकी है। लिहाजा महिलाओं के द्वारा मांग की गई है कि ठगी करने वाले आरोपी आजीविका मिशन का सहायक ब्लॉक प्रबंधक सुधीर बिंद, लक्ष्मी बागरी खम्हरिया, विजय सिंह ठाकुर धनवाही डाला, पूजा के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजबीद्ध कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की गई है।

महिलाओं को धमका रहा सुधीर बिंद  

आजीविका मिशन ढीमरखेड़ा के अंतर्गत हुये इस ठगी कांड के बाद सुधीर बिंद सहायक ब्लाक मैनेजर के द्वारा समूह की महिलाओं को धमकी देते हुए यह कहा जा रहा है कि तुम लोग शिकायत वापिस ले लो नहीं तो तुम्हारे समूह को हम खत्म कर देंगे और लोन भी तुम्ही लोगों को चुकाना पड़ेगा।

इनका कहना है

आपके माध्यम से इस संबंध में जानकारी मिली है, मामला गंभीर है। इस संबंध में जानकारी लेकर आगे की कार्यवाही की जायेगी।

श्रीमती शबाना बेगम, जिला परियोजना प्रबंधक, एन.आर.एल.एम कटनी

 

Exit mobile version