Site icon Yashbharat.com

गर्मी बढ़ते ही लो-वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे शांतिनगर कालोनी के वाशिंदे, 12 बंगला क्षेत्र में समस्या हुई विकराल

09 09 2024 low voltage 1 23793785 161232611

कटनी। माधवनगर की शांतिनगर कालोनी में 12 बंगला पास के लोग वर्तमान में लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं। यह समस्या कोई दो-चार दिनों से नहीं बल्कि काफी समय से है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि क्षेत्र में उपभोक्ता संख्या के हिसाब से ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। क्षेत्र में 100 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा है जबकि आवश्यकता 200 व उससे अधिक क्षमता वाले ट्रांसफार्मर की है। नतीजा अतिरिक्त लोड के कारण लो-वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो रही है। लो-वोल्टेज के कारण बल्ब का सिर्फ फिलामेंट जल रहा है जो किसी काम का नहीं है। इसके साथ ही अन्य इलेक्ट्रॉनिक समान जैसेए पंखा, टीवी, आयरन, फ्रिज आदि शोभा की वस्तु बनकर रह गई है। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए कई बार विभाग के पदाधिकारियों को मौखिक व लिखित शिकायत दर्ज कराई गई लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। क्षेत्रवासियों ने विघुत वितरण कंपनी के आला अधिकारियों का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराते हुए समस्या के समाधान की मांग की है।

शहर के दूसरे क्षेत्रों में भी लो-वोल्टेज की समस्या

उधर गर्मी का प्रकोप बढ़ने के साथ ही शहर के दूसरे क्षेत्रों में भी रहवासी लो वोल्टेज की समस्या का सामना कर रहे हैं। खासकर दोपहर व रात के समय यह समस्या इतनी विकराल हो जाती है कि पंखा तक सही नहीं चलता। एनकेजे फीडर से जुड़े क्षेत्र मंगलनगर के साहू मोहल्ला व छपरवाह में यह समस्या बीते काफी दिनों से है। लोगों ने खंभे से अपना कनेक्शन तक बदलवा लिया लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। यहां भी लोगों ने ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की है।

 

Exit mobile version