Article 370 को लेकर बौखलाया पाक, अब रोकी लाहौर- दिल्ली बस सेवा

इस्लामाबाद। जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को खत्म करने और जम्मू-कश्मीर राज्य के पुनर्गठन को लेकर भारत की ओर से किए गए फैसले के बाद पाकिस्तान अपना आपा खो चुका है।
लगातार एक के बाद एक फैसला करता दिखाई दे रहा है। अब उसने पाकिस्तान-भारत बस सेवा को रोक दिया है। यह जानकारी पाकिस्तान के संचार मंत्री मुराद सईद ने दी। इसस पहले पाकिस्तान ने समझौता एक्सप्रेस और थार एक्सप्रेस को रोकने का ऐलान किया था।
1999 में शुरू की गई थी लाहौर-दिल्ली बस सेवा
दिल्ली लाहौर बस सेवा की शुरुआत 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी के शासनकाल में की गई थी। 2001 में जब भारतीय संसद पर हमला हुआ था तो उस समय इस बस सेवा को रोक दिया गया था। भारत की तरफ से दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की बस लाहौर जाती है। ये बसें हर हफ्ते सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चलती हैं। वही पाकिस्तान पर्यटन विकास निगम हर मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को दिल्ली के लिए बस चलाता है।
समझौता एक्सप्रेस को रोका गया
सप्ताह में दो दिन सोमवार और गुरुवार को भारत पाकिस्तान के बीच चलने वाली ट्रेन समझौता एक्सप्रेस पर पाकिस्तान ने गुरुवार को रोक लगा दी है। ट्रेन के बदले पाकिस्तान से संदेश आया कि अटारी से ट्रेन को लेने के लिए भारत अपने ड्राइवर को भेजे। बार्डर पर रुकी ट्रेन में लोग फंस गए थे।
वहां ड्राइवर और गार्ड को भेजकर ट्रेन को वापस लाया गया। ट्रेन में कुल 117 यात्री सवार थे, जिसमें 76 भारतीय और 41 पाकिस्तानी यात्री थे। पाकिस्तानी मीडिया के अनुसार, इस्लामाबाद ने अपने ट्रेन ड्राइवर और गार्ड को समझौता एक्सप्रेस के साथ भेजने से इंकार कर दिया।
22 जुलाई 1976 में शुरू हुई थी समझौता एक्सप्रेस
शिमला समझौते के तहत यह सेवा 22 जुलाई 1976 को शुरू की गई थी। समझौता एक्सप्रेस सप्ताह में दो दिन गुरुवार और सोमवार को दिल्ली से लाहौर तक जाती है। इस साल के शुरुआत में भी दोनों देशों के बीच तनाव के कारण इस ट्रेन के परिचालन को रोका गया था।
पाकिस्तान सरकार ने इस ट्रेन को 26 फरवरी को बालाकोट में भारतीय वायुसेना की स्ट्राइक के बाद रोक दिया था। लेकिन बाद में सेवा फिर से शुरू हो गई थी। इस ट्रेन में 6 स्लीपर कोच और एक एसी 3 टियर कोच है। इससे पहले भी पुलवामा हमले के बाद भारत और पाकिस्तान आने जाने वाले यात्रियों की संख्या में भारी कमी आई थी।








