katniमध्यप्रदेश

रिमझिम फुहारों के बीच कलेक्टर एवं एसपी ने किया गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण

रिमझिम फुहारों के बीच कलेक्टर एवं एसपी ने किया गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण

 

कटनी (24 सितंबर) – कलेक्टर  आशीष तिवारी एवं पुलिस अधीक्षक  अभिनय विश्‍वकर्मा ने गुरूवार को रिमझिम बारिश के बीच गणेश प्रतिमाओ के विसर्जन हेतु पीरबाबा में बनाये जा रहे कृत्रिम विसर्जन कुंड का निरीक्षण किया। उन्होंने विसर्जन की सभी व्यवस्थाओं को और अधिक चाक-चौबंद बनाने व विसर्जन मार्ग की साफ़-सफ़ाई के पुख़्ता इंतज़ाम करने के लिए निर्देशित किया।

 

इस दौरान अतिरिक्‍त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, एसडीएम कटनी  जितेन्‍द्र पटेल और तहसीलदार ग्रामीण अतुलेश सिंह सहित अन्‍य अधिकारियों की मौजूदगी रही।

 

यहां बनाये जा रहे विसर्जन कुंड

जिले में गाटरघाट, माई नदी, मोहन घाट, मसुरहा घाट, चाका तालाब, पुरैनी कुण्ड, पीरबाबा, गुलवारा घाट, रपटा घाट, सुरखी टैंक, बाबा घाट, छपरवाह घाट पर प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्था की गई है।

विसर्जन स्थलों पर रोशनी और बैरिकेडिंग के निर्देश

कलेक्टर श्री तिवारी ने विसर्जन कुंड एवं घाटों के आसपास पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्‍होंने सुरक्षा की दृष्टि से पीडब्ल्यूडी विभाग को आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रमुख विसर्जन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, पीए सिस्टम, कंट्रोल रूम तथा अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में विसर्जन स्थलों पर रोशनी के लिए संबंधित तहसीलदारों को ग्राम पंचायतों एवं नगर परिषदों से समन्वय करने के निर्देश दिए।

तैराक, होमगार्ड और लाइफ जैकेट रहेंगे तैनात

कलेक्‍टर ने विसर्जन के दौरान सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित तैराक एवं होमगार्ड बल की तैनाती करने के निर्देश दिए गए। आवश्यकतानुसार लाइफ जैकेट सहित अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध रखने को कहा गया। संवेदनशील एवं अधिक भीड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।

 

विसर्जन मार्गों पर सुचारू रहेगी यातायात व्यवस्था

कलेक्टर एवं एसपी ने विसर्जन स्थलों तक पहुंचने वाले मार्गों पर यातायात प्रबंधन के आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए। संकरे एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग, पार्किंग तथा वाहनों के आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। नदी एवं तालाब के तटों पर सुरक्षित दूरी पर बैरिकेडिंग कर आवागमन नियंत्रित करने के निर्देश भी दिए गए।

विसर्जन समाप्ति तक मुस्तैद रहेगा प्रशासन

कलेक्‍टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रतिमा विसर्जन शुरू होने से लेकर प्रक्रिया की समाप्ति तक संबंधित विभागों का स्थानीय अमला विसर्जन स्थलों पर मुस्तैदी से मौजूद रहे। प्रतिमाओं का समयबद्ध एवं सुरक्षित विसर्जन सुनिश्चित करने के साथ ही विसर्जन स्थलों के आसपास भीड़ एवं वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने की व्यवस्था की जाए।

Back to top button