कटनी: इमलिया की ‘शिव पल्सेज’ दाल मिल पर प्रशासन का छापा, दस्तावेज न मिलने पर थमाया नोटिस; भोपाल भेजे गए अरहर दाल के सैंपल
कटनी: इमलिया की ‘शिव पल्सेज’ दाल मिल पर प्रशासन का छापा, दस्तावेज न मिलने पर थमाया नोटिस, भोपाल भेजे गए अरहर दाल के सैंपल। कलेक्टर आशीष तिवारी के “मिलावट से मुक्ति” अभियान के तहत कटनी प्रशासन ने बुधवार को बड़ी कार्यवाही की है। राजस्व एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम इमलिया स्थित ‘शिव पल्सेज’ दाल मिल पर औचक छापेमारी की। जांच के दौरान मिल में नियमों की भारी अनदेखी पाई गई, जिसके बाद विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए नोटिस जारी किया है।
बिजली कंपनी के कर्मचारियों को डिजिटल सौगात: अब घर बैठे ऑनलाइन होगा ट्रांसफर, ‘एम्प्लाई ट्रांसफर माड्यूल’ लॉन्च; जानें नियम और अंतिम तिथि
अनिवार्य दस्तावेज पेश करने में नाकाम रही मिल
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने जब फैक्ट्री प्रभारी से संचालन से जुड़े अनिवार्य दस्तावेज मांगे, तो मिल प्रबंधन कुछ भी पेश नहीं कर सका। प्रशासन को मौके पर निम्नलिखित कमियां मिलीं:
-
मेडिकल सर्टिफिकेट: कर्मचारियों के अनिवार्य चिकित्सा प्रमाण पत्र नहीं थे।
-
पेस्ट कंट्रोल: परिसर में कीटनाशक नियंत्रण की कोई रिपोर्ट नहीं मिली।
-
वाटर टेस्टिंग: दाल निर्माण में उपयोग होने वाले पानी की शुद्धता जांच रिपोर्ट गायब थी।
-
ट्रेनिंग सर्टिफिकेट: खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार कर्मचारियों के पास आवश्यक ट्रेनिंग सर्टिफिकेट भी नहीं पाए गए।
भोपाल भेजी गई अरहर दाल
खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके पर तैयार की जा रही और पैकिंग के लिए रखी गई अरहर दाल के दो नमूने (Samples) जब्त किए हैं। इन नमूनों को सील कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।
धारा 32 के तहत नोटिस जारी
दस्तावेज न मिलने और गंदगी व अनियमितताएं पाए जाने पर खाद्य कारोबारी को खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस थमाया गया है।
प्रशासन की चेतावनी
खाद्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि भोपाल से आने वाली रिपोर्ट में दाल की गुणवत्ता मानकों से कम पाई जाती है या उसमें मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित मिल संचालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और एफआईआर (FIR) दर्ज की जाएगी।

