katniमध्यप्रदेश

ऑटो की किस्त नहीं चुका पाने पर बैंक में चोरी का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार ताला तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश, सीसीटीवी फुटेज से पुलिस ने दबोचा

ऑटो की किस्त नहीं चुका पाने पर बैंक में चोरी का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

ताला तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश, सीसीटीवी फुटेज से पुलिस ने दबोच

कटनी। ऑटो की किस्त नहीं चुका पाने के कारण बैंक में चोरी की योजना बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। कुठला थाना पुलिस ने पन्ना मोड़ स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास करने वाले 21 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, हरदुआ पन्ना मोड़ स्थित सेंट्रल बैंक के शाखा प्रबंधक विनीत सोलंकी ने कुठला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 सितंबर की रात करीब 2:34 बजे क्षेत्रीय कार्यालय जबलपुर के सुरक्षा अधिकारी ने फोन कर सूचना दी कि एक अज्ञात व्यक्ति बैंक के मुख्य द्वार का ताला तोड़ने का प्रयास कर रहा है। सुबह बैंक पहुंचकर जांच करने पर मुख्य ताले पर भारी वस्तु से वार कर तोड़ने के निशान मिले, हालांकि बैंक से कोई सामान चोरी नहीं हुआ था।

पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 859/26 के तहत धारा 303(2), 62 बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध की तलाश की गई। जांच के दौरान घंघरी कला निवासी गंगाराम चौधरी (21) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बैंक में चोरी का प्रयास करना स्वीकार किया और बताया कि ऑटो की किस्त नहीं चुका पाने के कारण उसने चोरी की योजना बनाई थी।

आरोपी के कब्जे से दो पेचकस और एक छोटी आरी जब्त की गई। कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक अखलेश दाहिया के नेतृत्व में की गई। इसमें एएसआई तीरथ तेकाम, प्रधान आरक्षक आलोक तिवारी, शिवशंकर दुबे, आरक्षक पुष्पेंद्र त्रिपाठी सहित पुलिस स्टाफ की भूमिका रही।

Back to top button