ड्यूटी पर जाते समय एसीसी अदानी सीमेंट के ठेका श्रमिक की सड़क हादसे में मौत, श्रमिकों में आक्रोश
ड्यूटी पर जाते समय एसीसी अदानी सीमेंट के ठेका श्रमिक की सड़क हादसे में मौत, श्रमिकों में आक्रोश
कटनी- जिले के कैमोर स्थित ACC Adani Cement में कार्यरत एक ठेका श्रमिक कमलेश श्रीवास्तव उम्र लगभग 55 वर्ष निवाशी बिहरा थाना बदेरा की ड्यूटी पर जाते समय सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र के श्रमिकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात्रि लगभग 12 बजे ड्यूटी के लिए जा रहे श्रमिक को एक ओवरलोडेड हाईवे वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही कैमोर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु विजयराघवगढ़ सिविल अस्पताल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि घटना स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में वाहन की तस्वीर स्पष्ट नहीं आने के कारण अभी तक दुर्घटना करने वाले वाहन की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना के बाद सुबह बड़ी संख्या में ACC Adani Cement के ठेका श्रमिक एसीसी गेट पर एकत्रित हो गए। श्रमिकों ने मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता, उचित मुआवजा एवं परिजनों को रोजगार दिए जाने की मांग उठाई।
श्रमिकों का कहना है कि मृतक परिवार का मुख्य सहारा था और कंपनी प्रबंधन को पीड़ित परिवार की हर संभव मदद करनी चाहिए। घटना के बाद क्षेत्र में शोक एवं आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
इंटक की पहल पर मृतक के परिवार को तत्काल मिली आर्थिक सहायता
इस हादसे की जानकारी लगने के बाद कैमोर अडानी सीमेंट के प्रमुख श्रमिक संगठन इंटक द्वारा मृतक श्रमिक के परिवार को तत्काल 5 हजार की आर्थिक सहायता उप्लब्ध कराई गई। इंटक अध्यक्ष पंकज पीढियां के निर्देश पर जनरल सेक्रेटरी मनीष नवैत ने उक्त राशि दुखी परिवार को सौंपी।
विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने प्रबन्धन से दिलाई ढाई लाख की मदद
कैमोर में देर रात सड़क हादसे में श्रमिक की दर्दनाक मौत होने की दुःखद खबर पर विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक ने गहन शोक व्यक्त करते हुए दुःखी परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त की साथ ही हर सहयोग का भरोसा दिलाया। विधायक श्री पाठक ने एसीसी अडानी प्रबन्धन के वरिष्ठ अधिकारियों से भी हादसे में मृत श्रमिक के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान किये जाने के सम्बंध में चर्चा की गई। प्रबन्धन के आदेश पर ठेका कम्पनी द्वारा दुखी परिवार के लिए तत्काल ढाई लाख की सहायता राशि स्वीकृत की गई।

